टीम एबीएन, रांची। बकरीद को लेकर राजधानी रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट पर है। शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस विशेष रूप से नजर रख रही है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष रहने का आदेश जारी किया गया है। इस बार पूरे शहर पर नजर रखने के लिए 170 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिनकी निगरानी करने के लिए 50 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। कंपोजिट कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का जायजा भी शनिवार को अधिकारियों ने लिया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी की निगरानी कर रहे जवानों को अलर्ट रहने का आदेश भी दिया। 10 जून को रांची में हुए उपद्रव की वजह से पुलिस ने बकरीद को लेकर राजधानी में सुरक्षा के चाक चौबंद बंदोबस्त किए हैं। प्रशासन ने अपनी तरफ से हर तरह की परिस्थिति का सामना करने के लिए अपने जवानों को तैयार रखा है। रांची एसएसपी की तरफ से यह आदेश जारी किया गया है कि अगर शांति और सौहार्द बिगाड़ने का कोई भी प्रयास करता है तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाए। सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने का आदेश जारी किया गया है। रांची एसएसपी सुरेंद्र झा ने बताया कि सभी संवेदनशील जगह पर रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है। इसके अलावा झारखंड पुलिस के रैप, जैप, आईआरबी के जवान भी राजधानी में तैनात किए गए हैं। इस बार झारखंड जगुआर के जवानों को भी राजधानी में तैनात किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse