टीम एबीएन, लोहरदगा। उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण की अध्यक्षता में आज बकरीद-2022 को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आज नगर भवन, लोहरदगा में हुई। बैठक में उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कहा कि जिला में शांति और सौहार्द स्थापित करने के लिए बीते दिनों जिला प्रशासन की ओर से कई प्रयास किए गए हैं। विभिन्न प्रखंडों में इस दिशा में कार्य किये जा रहे हैं। जिले में हम शांति और सद्भावना कायम रखते आये हैं, इसलिए जिला प्रशासन को पूरा भरोसा है कि आने वाले त्यौहार में शांतिपूर्ण बरकरार रहेंगे। बकरीद आपस में सद्भाव व सौहार्द स्थापित करने का त्यौहार है। अपनी इस परंपरा को आप आगे बढ़ाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार ने कहा कि आप सभी शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में अवयस्क बच्चों को दोपहिया वाहन न चलाने दें। शांति समिति के सदस्यों से आग्रह है कि उनके अभिभावकों को जागरूक करें कि वे अवयस्क बच्चों को दोपहिया वाहन न दें। आजकल बच्चे बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे हैं जो जानलेवा है। माता-पिता यह ध्यान रखें कि उनके बच्चे सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें। शांति समिति के सदस्यों से आग्रह है कि अगर वह कोई व्हाट्सएप ग्रुप चलाते हैं तो उन व्हाट्सएप ग्रुप का सेटिंग ओनली एडमिन कर दें। बैठक में शांति समिति के सभी सदस्यों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह, सभी थानों के थाना प्रभारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी और विभिन्न प्रखंडों से आए जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse