रांची। रांची विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी की फाइनल परीक्षाएं आफलाइन ही आयोजित होंगी। इससे विश्वविद्यालय के 14 अंगीभूत कॉलेजों और रांची विश्वविद्यालय के 22 विभागों की फाइनल परीक्षा पर असमंजस खत्म हो गया है। इस परीक्षा में हजारों विद्यार्थी शामिल होंगे। कोविड-19 संक्रमण का दौर होने से कोविड गाइडलाइन का पालन कराये जाने की भी चुनौती है। इसको लेकर विवि प्रशासन ने राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा है। कोरोना महामारी के मद्देनजर राज्य के विश्वविद्यालयों में आफलाइन क्लासेस बंद हैं। जो कक्षाएं संचालित भी की जा रही हैं, उनमें आनलाइन ही पढ़ाई हो रही है। रांची के डीएसपीएमयू की ओर से तो आनलाइन क्लास के बाद अब परीक्षा भी आनलाइन ही कंडक्ट की जा रही है। हालांकि अब कोविड-19 संक्रमण के बिगड़े हालात में कुछ सुधार आने के बाद रांची विश्वविद्यालय आॅफलाइन परीक्षा के लिए कदम बढ़ा रहा है। विश्वविद्याललय ने अपने विद्यार्थियों की यूजी और पीजी की फाइनल परीक्षाएं आॅफलाइन आयोजित करने का निर्णय कर लिया है। हालांकि इस निर्णय का विभिन्न छात्र संगठन और विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं। इधर, आफलाइन परीक्षा के छात्रों के विरोध को लेकर विवि प्रबंधन का कहना है कि यूजीसी की गाइडलाइन के तहत ही फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन कोई कोताही नहीं बरतना चाहता। विवि का कहना है कि विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ-साथ, विदेशों में उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए भी आफलाइन तरीके से फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा दिया जाना अनिवार्य है। यह विद्यार्थियों के ही भविष्य का सवाल है। इसलिए आफलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षाएं कब आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय ने अभी कोई दिशानिर्देश जारी नहीं किया है और न ही इसको लेकर किसी तारीख का ऐलान किया है। इसी के साथ ही रांची विवि के 14 अंगीभूत कॉलेजों के साथ-साथ 22 पीजी विभागों के यूजी और पीजी की परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। इन परीक्षाओं में हजारों विद्यार्थी शामिल होंगे। हालांकि इन परीक्षार्थियों की सुरक्षा को लेकर विवि चिंतित है। पूरी वस्तुस्थिति से राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग को अवगत कराया गया है। राज्य सरकार की ओर से हरी झंडी मिलते ही इस परीक्षा को आयोजित किया जाएगा। रांची यूनिवर्सिटी की परीक्षा और अन्य जानकारियां जिसमें परीक्षा तिथि भी शामिल है, जल्द ही विवि की वेबसाइट पर जारी कर दी जायेंगी। बताते चलें कि एमबीबीएस की फाइनल परीक्षाएं विवि की ओर से आफलाइन तरीके से आयोजित की जा रहीं हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए यह परीक्षाएं आयोजित की जा रहीं हैं। राज्य सरकार के निर्देश मिलने के बाद ही इस परीक्षा को भी आफलाइन आयोजित किया जा रहा है। रांची विश्वविद्यालय की कुलपति कामिनी कुमार का कहना है कि राज्य सरकार से आफलाइन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर मार्गदर्शन मांगा है। सरकार से इस संबंध में जो भी निर्देश मिलेगा, उसके तहत ही विवि परीक्षाओं का आयोजन करेगा। हालांकि विवि ने अपनी ओर से तैयारी शुरू कर दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse