टीम एबीएन, रांची। बकरीद और सावन को लेकर आज दिनांक 05 जुलाई 2022 को उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। रांची समाहरणालय ब्लॉक ‘बी’ स्थित कमरा संख्या-505 में आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र झा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दीपक दुबे, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, सिटी एसपी अमन कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी, रांची रामवृक्ष महतो, संबंधित पुलिस पदाधिकारी, सीओ एवं विभिन्न शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की बात कही गयी। बैठक में सबसे पहले शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से बकरीद और सावन में बेहतर व्यवस्था को लेकर अपनी-अपनी बातेें रखी। साफ सफाई, सुरक्षा और दूसरे पंथ के लोगों की भावनाओं का ख्याल करते हुए सभी ने सांप्रदायिक सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने की बात कही। उपायुक्त द्वारा पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था किये जाने की बात कही गयी। शांति समिति के सदस्यों का रोल अहम : बैठक के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि जिस तरह से पिछले दिनों शांति समिति के सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी निभायी थी, इस बार भी सभी का रोल अहम है। इस बार भी शांति समिति के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेवारी दी जायेगी। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन विधि व्यवस्था संधारण के लिए पूरी तरह से तैयार है। बैठक में संबोधित करते हुए उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि त्योहारों में कोरोना गाइडलाइंस का अनुपालन भी आवश्यक है। बकरीद और सावन में लोग सुरक्षित रहे ये हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने रांचीवासियों से कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र झा ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर है। सुरक्षा के दृष्टिाकोण से पूरी तैयारी की जा रही है। सीसीटीवी से निगरानी की जायेगी। किसी भी परिस्थिति में विधि व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जायेगी, माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। अफवाहों को रोकें, पुलिस को जानकारी दें : ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने कहा कि अफवाहों से दूर रहें, सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले सावधान रहें। गलत चीजों को रोकने का काम करें और जो लोग अफवाहों को बढ़ा रहे हैं। उनके बारे में पुलिस को जानकारी दें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse