टीम एबीएन, बोकारो। चास के इंडियन बैंक में कल दोपहर 1 बजे हुई डकैती का बोकारो पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है। बोकारो एसपी ने इस केस की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इस टीम ने डकैती में शामिल 6 में से 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से बैंक से लूटे गए 20 लाख 74 हजार रुपए, तीन पिस्टल, एक कट्टा, 17 कारतूस, डकैती में इस्तेमाल बाइक और हेलमेट जब्त किया गया है। गिरफ्तार जितेंद्र सिंह बिहार के नालंदा जिले के लहरिया का रहने वाला है। वहीं इस डकैती का मास्टरमाइंड था। एसपी चंदन कुमार झा ने बताया कि एसआईटी ने गिरिडीह जिले के इसरी टोल प्लाजा के पास से जितेंद्र सिंह और आशीष कुमार को धर दबोचा। ये दोनों धनबाद से बिहार के पटना जाने वाली शिवगंगा बस के स्लीपर में सोए थे। जितेंद्र के पास से एक पिस्टल, 4 गोलियां, एक कट्टा और 9 लाख 98 हजार रुपए जब्त किए गए। वहीं आशीष के बैग से एक पिस्टल, 9 गोली और 4 लाख 99 हजार रुपए मिले। पुलिस ने बताया कि इन अभियुक्तों के बयान पर धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र के भैरा से शुभम यादव और दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। शुभम यादव के पास से एक पिस्टल, 4 गोलियां और 5 लाख 5 हजार रुपए नगद बरामद किया गया। जबकि दिनेश यादव के पास से 72 हजार रुपए नगद मिले। एसपी ने बताया कि डकैती से एक दिन पहले बैंक की रेकी की गई थी। इस डकैती में शामिल दो अन्य मुलजिम अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इन दोनों के पास बैंक से लूटी गई शेष राशि होने की बात गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताई है। एसपी ने बताया कि बैंक सुरक्षा में चूक और बैंक मैनेजर के सायरन नहीं बजाने के कारण अभियुक्त इस वारदा को अंजाम देने में सफल हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse