टीम एबीएन, रांची। उदयपुर में वहशियाने तरीके से हुई कन्हैयालाल की हत्या के बाद रांची में बुधवार को हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। साढ़े 3 हजार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। रांची में पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। दरअसल, रांची में बीते 10 जून को नूपुर शर्मा प्रकरण को लेकर हुई हिंसा और उत्पात की वारदात से सीख लेते हुए पुलिस ने ये एहतियात बरता है। 10 जून को भड़की हिंसा के बाद शहर में लगभग 10 दिनों तक तनाव की स्थिति बनी रही थी। उस उपद्रव में घायल हुए लोगों में से कम से कम छह लोगों का इलाज अब भी अस्पताल में चल रहा है। घायलों में से एक को एअर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इसलिए, इस बार पुलिस ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाया और उदयपुर की वारदात के बाद पुलिस मुख्यालय ने सतर्कता को लेकर अलर्ट जारी किया है। रांची और आसपास के मंदिरों और मस्जिदों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है। रांची के जगन्नाथपुर में एक जुलाई से आयोजित होनेवाले रथयात्रा और मेले में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती का आदेश दिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि रांची में लगभग साढ़े तीन हजार अतिरिक्त पुलिस-सुरक्षा बल तैनात किए जाने की तैयारी की गई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse