एबीएन सेंट्रल डेस्क। G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संकट, खाद्य सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, पर्यावरण, लैंगिक समानता और लोकतंत्र जैसे सामयिक मुद्दों पर विश्व नेताओं के साथ सार्थक चर्चा होने की उम्मीद कर रहे हैं। जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज के निमंत्रण पर मोदी 26 और 27 जून को होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए म्यूनिख गए हैं। दुनिया के सात सबसे अमीर देशों के समूह G7 के अध्यक्ष के रूप में जर्मनी इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। PM मोदी ने ट्वीट किया, G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए म्यूनिख पहुंचा हूं। मैं शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व नेताओं के साथ सार्थक चर्चा होने की उम्मीद करता हूं। म्यूनिख में आगमन पर भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए म्यूनिख पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजदूत हरीश पर्वतनेनी और श्रीमति नंदिता पर्वतनेनी ने म्यूनिख हवाईअड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय मिशन ने एक ट्वीट में कहा, भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का म्यूनिख में गर्मजोशी से विशेष स्वागत किया। G7 शिखर सम्मेलन के मेजबान जर्मनी ने भारत के अलावा अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल और दक्षिण अफ्रीका को शिखर सम्मेलन के लिए अतिथि के रूप मंर आमंत्रित किया है। मोदी ने कहा कि वह पूरे यूरोप में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने के लिए भी उत्सुक हैं, जो अपनी स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं के साथ-साथ यूरोपीय देशों से भारत के संबंधों को समृद्ध करने में बहुत योगदान दे रहे हैं। जर्मनी से मोदी 28 जून को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाएंगे और खाड़ी देश के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। पिछले कई वर्षों से बीमार चल रहे शेख खलीफा का 13 मई को निधन हो गया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse