टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची समेत राज्य के लगभग सभी स्थानों पर अगले तीन से चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून का वक्त चल रहा है ऐसे में नमी के कारण एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके कारण कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ स्थानों पर विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है। दिन में बादल छाए रहने से तापमान में कमी देखने को मिलेगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार रांची समेत गिरिडीह, कोडरमा, दुमका, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, चतरा, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू और रामगढ़ जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 36.2 मिलीमीटर लातेहार में दर्ज की गई। राज्य में उच्चतम तापमान 38.6 डिग्री डाल्टेनगंज में रिकॉर्ड की गई। जबकि सबसे न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 32.8, जमशेदपुर में 35.5, डाल्टनगंज 38.6, बोकारो 35.1, चाईबासा 34.8, देवघर 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो रांची में 24.1, जमशेदपुर में 26.2, डाल्टनगंज में 25.3, बोकारो में 26.6, चाईबासा में 25.6 और देवघर में 25.6 रिकॉर्ड किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse