टीम एबीएन, पलामू। पारा शिक्षकों के चयन की वैधता की जांच को लेकर आयुक्त जटा शंकर चौधरी की अध्यक्षता में आज आयुक्त कार्यालय में बैठक हुई। इसमें आयुक्त ने पारा शिक्षकों का पक्ष जानने के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विमर्श करने का निर्देश दिया। विमर्श के लिए उप विकास आयुक्त को अधिकृत करते हुए 27 जून की तिथि निर्धारित की है। इसके बाद आयुक्त की अध्यक्षता में पुनः 29 जून को बैठक होगी। आयुक्त ने पारा शिक्षकों की नियुक्ति के समय नियुक्त जिला शिक्षा अधीक्षक एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी की पदस्थापना विवरणी भी तैयार करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि पलामू जिला अंतर्गत नौडीहा एवं छतरपुर प्रखंड के वैसे 436 कार्यरत पारा शिक्षक, जिन्हें उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली जांच समिति द्वारा चयन को अवैध प्रतिवेदित किया गया है। इनके चयन की वैधता की जांच के लिए समिति गठित की गयी है, जिनके द्वारा जांच की प्रक्रिया चल रही है। बैठक में आयुक्त जटा शंकर चौधरी के अलावा उप विकास आयुक्त मेघा भारद्वाज, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक शिव नारायण साह, जिला शिक्षा पदाधिकारी उपेंद्र नारायण, एडीपीओ उदय कुमार सिंह, एपीओ अशोक कुमार रजक आदि उपस्थित थे। केन्द्रीय पुस्तकालय में न्यू एडिशन की पुस्तक रखवाने का निर्देश : आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने साहित्य समाज चौक के समीप स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में न्यू एडिशन की पुस्तक रखवाने एवं विघुत आपूर्ति दुरूस्त करने को लेकर सोलर सिस्टम को ठीक कराने का निर्देश दिया। साथ ही उप विकास आयुक्त को पुस्तकालय की व्यवस्थाओं पर नजर रखने की बातें कही। सफल विद्यार्थियों को आयुक्त ने दी बधाई : आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में पलामू प्रमंडल के अव्वल विघार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। साथ ही उन्होंने पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी को पलामू एवं क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक को पलामू प्रमंडल के पलामू, लातेहार एवं गढ़वा जिले के टॉपर विद्यार्थियों को जिलास्तर पर सम्मानित करने हेतु स्थानीय स्तर पर पहल करने का निर्देश दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse