टीम एबीएन, कोडरमा। सरकार द्वारा होल्डिंग टैक्स में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ 18 जून को झुमरी तिलैया में बाजार बंद का व्यापक असर रहा। इस दौरान शहर के छोटे बड़े सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान 12 बजे दिन तक पूरी तरह बन्द रहे। बाजार बंद में सभी तरह के प्रतिष्ठान के साथ ही छोटे दुकानदार, पान गुमटी और अन्य विक्रेता भी शामिल थे। वहीं आम लोगों ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया और बड़ी संख्या में लोग बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे। बंद के समर्थन और राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ नारे लगाते दिखे। बंद समर्थकों ने होल्डिंग टैक्स को बढ़ाए जाने के खिलाफ जुलूस भी निकाला। इसमें शामिल सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और वार्ड पार्षदों ने कहा कि आज का बंद सांकेतिक है। यदि होल्डिंग टैक्स में बढ़ोत्तरी वापस नहीं ली गयी तो अनिश्चित कालीन बंद का आह्वान किया जाएगा। शहर के वार्ड पार्षदों ने कहा कि होल्डिंग टैक्स में की गई यह बढ़ोतरी किसी को भी मान्य नहीं है। यह अप्रत्याशित बढ़ोतरी है जिसे देने में व्यवसायी या आम नागरिक सक्षम नहीं है। झारखंड सरकार का यह निर्णय बिल्कुल ही गलत है और इसे तुरंत वापस लेना चाहिए। ज्ञात हो कि झुमरी तिलैया के सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और वार्ड पार्षदों द्वारा झुमरी तिलैया बाजार बंद किये जाने की घोषणा की गई थी। इसका सभी तबके के लोगों ने समर्थन किया। बाजार बंद की अपील को लेकर निकाले गए जुलूस में नप के पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव, प्रोफ़ेसर राखी भदानी, उमेश सिंह, संतोष यादव, विशाल भदानी, नीलू सिंह, राकेश शर्मा, अनुराग सिंह, बाल गोविंद मोदी, रीता लोहानी, नीरज कर्ण, घनश्याम तूरी, मोहम्मद शमीम, प्रेम प्रकाश, संजय सिंह, संजय राही, मिलन शाहाबादी, अरुण चंद्रवंशी, राजेश लोहानी, आशा देवी, मुकेश शर्मा, कामेश्वर पांडेय, अनूप सिंह, गंदौरी रजक, मिथिलेश कुमार, पार्वती देवी, संजय वर्मा, नरेंद्र सिंह चंदेल, राजू यादव, किशोरी यादव समेत अन्य लोग शामिल थे। यह जुलूस सुभाष चौक से महाराणा प्रताप चौक तक निकाला गया। वहीं झंडा चौक पर एक सभा भी की गयी। बंद को सफल बनाने के लिए वक्ताओं ने शहर वासियों और व्यवसायियों के प्रति आभार जताया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse