टीम एबीएन, लोहरदगा। राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाड़ी पाड़ा लोहरदगा में वर्ग एक से सातवीं तक के बच्चों का परीक्षा समाप्त हो गया। बच्चे परीक्षा के तनाव से मुक्त रहें, इसके लिए विद्यालय परिवार ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के निमित्त विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की। बारिश होने के फलस्वरूप मौसम में परिवर्तन आया, तब शिक्षक और बच्चों ने मिलकर विद्यालय परिसर में नए पौधे लगाये। मौके पर प्रधानाध्यापक अरुण राम ने बताया कि वृक्ष पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने के साथ-साथ हमारे मित्र भी हैं, क्योंकि सच्चे मित्र की मित्रता निस्वार्थ होती है। ऐसे ही पेड़-पौधे होते हैं। वे नि:स्वार्थ रूप से हमको आॅक्सीजन, फल, लकड़ी देते हैं। इन्हें बचाए रखना हमलोगों का परम कर्तव्य है। वृक्ष से ही समय पर वर्षा होती है, जो कृषि कार्यों में सहायक होती है। आसपास पेड़ पौधे लगाने से मनभावन हरियाली रहती है। हरियाली हमारे तन-मन को शांति प्रदान करती है। यह पर्यावरण को साफ व सुथरा बनाने में विशेष सहयोग प्रदान करते हैं। विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार ने बताया कि पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। आज के बिगड़ते हालात के लिए हम सभी जिम्मेवार हैं। अंधाधुंध हरे भरे पेड़ की कटाई से पर्यावरण पूरी तरह से दूषित हो गया है। जिसका दुष्परिणाम देखने को भी मिल रहा है। जितनी संख्या में पेड़ काटे जा रहे हैं, उससे कहीं ज्यादा संख्या में पेड़ पौधे लगाने होंगे। शिक्षक प्रदीप कुमार ने बतलाया कि एक वृक्ष लगाना कई संतानों के बराबर होता है। पेड़ पौधे लगाकर पर्यावरण को बचाने के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। इसलिए पेड़ लगाएं पर्यावरण बचाएं। शिक्षिका नेमहन्ति मिंज ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या में पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। आॅक्सीजन की कमी हो रही है, इस कमी को दूर करने के लिए पर्यावरण को बचाए रखने के लिए एकमात्र विकल्प पौधारोपण है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को अपने घर के आस-पास पौधा लगाने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से पौधा वितरण किया गया। बच्चे खुशी खुशी पौधे लेकर अपने घर के आस-पास पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम, विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार, शिक्षक प्रदीप कुमार, नेमहन्ति मिंज, माता समिति के सुमन देवी, पुष्पा देवी, किरण देवी, बाल संसद के प्रधानमंत्री अंजली कुमारी एवं विद्यालय के बच्चे उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse