आखिर ये कैसी तैयारी... विश्व कप से पहले करीब 15 मैच बाकी, आराम फरमा रहे सीनियर खिलाड़ी

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 विश्व कप 2022 से पहले भारत के लगभग 15 मैच रह गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच और वेस्टइंडीज के साथ पांच मैच खेलने हैं। इसके बाद एशिया कप होना है और खबरों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी20 मैच की सीरीज हो सकती है, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। विश्व कप में सिर्फ लगभग तीन-चार महीने का समय बाकी है, लेकिन बीसीसीआई इसके लिए गंभीरता से तैयारी नहीं कर रहा है। 2021 टी20 विश्व कप से पहले भी कुछ ऐसा ही हुआ था। इस टूर्नामेंट में जाने से तीन महीने पहले भारत ने कोई टी20 मैच खेला था, जिसमें धवन भारतीय टीम के कप्तान थे। वहीं, विश्व कप की टीम में धवन को ही मौका नहीं दिया गया था। नतीजा यह हुआ कि भारत अपने शुरुआती दोनों मैच हारकर लीग स्टेज से ही बाहर हो गया इसके बाद भारत का कप्तान और कोच दोनों बदल गए। नए कप्तान और कोच ने कहा कि अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए वो अभी से तैयारी शुरू कर रहे हैं, लेकिन अब तक ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला है। इस बार भी बीसीसीआई का रवैया पहले की तरह ही है। अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल रहे प्रमुख खिलाड़ी : विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज काफी अहम थी। अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को भारत अपने घर में कभी नहीं हरा पाया है। ऐसे में भारत की मुख्य टीम को इस सीरीज में खेलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टीम इंडिया के सात मुख्य खिलाड़ी इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। इनमें कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी का नाम शामिल है। इनमें से तीन खिलाड़ी चोटिल हैं और चार को आराम दिया गया है। अब भारत को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में विश्व कप की तैयारी करने का मौका मिलेगा। अगर दीपक चाहर फिट होते हैं तो वो भी टीम में आएंगे और इस स्थिति में सही टीम का चयन करना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी टुकड़ो में अच्छा प्रदर्शन करते रह जाते हैं और टीम मैच नहीं जीत पाती। मौजूदा सीरीज में भी ऐसा ही हो रहा है। विश्व कप में हारे तो कौन जिम्मेदार : सीनियर खिलाड़ियों को विश्व कप से पहले साथ में टी20 मैच खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। इसके बाद मुख्य टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। क्रिकेट के खेल में हर मैच टीम के रूप में खेला और जीता जाता है। ऐसे में खिलाड़ी जब साथ में नहीं खेलेंगे तो उन्हें एक दूसरे के खेल की समझ नहीं होगी और साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे। इस पर भी हार के बाद सीनियर खिलाड़ियों को दोषी ठहरा दिया जाता है। 2021 विश्व कप के बाद साथ नहीं खेले बड़े खिलाड़ी : बीसीसीआई ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को ए प्लस कैटेगरी में रखा था। ये तीनों ही भारत के सबसे अहम खिलाड़ी हैं और तीनों फॉर्मेट में मैच जिताऊ प्रदर्शन करते हैं। खास बात यह है कि टी20 विश्व कप के बाद से ये तीनों साथ में सिर्फ दो टेस्ट मैच ही खेले हैं। रोहित और द्रविड़ ने कहा था कि वो विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में टीम के तीन सबसे अहम खिलाड़ियों ने अब तक साथ में कोई टी20 मैच ही नहीं खेला है। अब नहीं बन रही सचिन-सहवाग और रोहित-धवन जैसे जोड़ियां : भारतीय क्रिकेट में सचिन-सहवाग और रोहित-धवन की जोड़ियां काफी चर्चित रही हैं। सचिन और सहवाग ने साथ मिलकर काफी मैचों में भारत के लिए पारी की शुरुआत की और कई मैच जिताए। दोनों के बीच कई रिकॉर्ड साझेदारियां हुईं। ये दोनों ही एक दूसरे के खेल को बखूबी जानते थे और रन चुराने से लेकर लक्ष्य का पीछा करने तक हर स्थिति में एक दूसरे का खेल और काम दोनों बखूबी समझते थे। रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी भी कुछ ऐसी ही थी, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट में ऐसी जोड़ियां नहीं बन पा रही हैं। भारत की टीम लगातार बदल रही है और खिलाड़ियों को साथ में खेलने का मौका नहीं मिल पा रहा है। इसी वजह से एक टीम के लिए खेलने वाले खिलाड़ी ही एक दूसरे के खेल को ठीक से नहीं जानते हैं और भारत एक टीम के रूप में कमजोर साबित हो रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse