टीम एबीएन, रांची। मांडर विधानसभा उपचुनाव के लिए 23 जून को मत डाले जाएंगे। मैदान में कुल 14 उम्मीदवार खड़े हैं। 19 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इसमें से चार का नामांकन निरस्त किया गया। एक उम्मीदवार शिशिर लकड़ा ने गुरुवार को अपना नाम वापस ले लिया है। मतदाताओं की संख्या एवं कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की संख्या 429 से 433 की गई है। सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेगा। मतदान की तैयारी को लेकर ईवीएम मशीनों का फर्स्ट लेवल चेकिंग कार्य पूरा हो चुका है। मतदानकर्मियों का दूसरा रेंडमाइजेशन गुरुवार को हुआ। यह जानकारी गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त छवि रंजन ने समाहरणालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए कुल 2572 मतदानकर्मियों को ट्रेनिंग दी गई है। 433 मतदान केंद्रों पर कुल 1732 मतदानकर्मियों की आवश्यकता होगी। 25 फीसदी रिजर्व के साथ कुल 2164 मतदानकर्मियों को आवश्कता है। एक प्रत्याशी अधिकतम 40 लाख रुपये तक व्यय कर सकते हैं। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सी-विजिलएप से ऑनलाइन शिकायत किया जा सकता है। 440 दिव्यांग व 392 अतिवृद्ध करेंगे पोस्टल बैलेट : मांडर चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 4871 हैं। इसमें से 440 मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे। वहीं 80 प्लस वृद्धों की संख्या 7704 हैं। इसमें से 392 वृद्ध मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे। इनलोगों को चिन्हित कर लिया गया है। इसके अलावा जो मतदाता कोरोना पॉजिटिव हैं और आइसोलेशन में हैं। वैसे मतदाताओं भी मतदान कर सकेंगे। इसकी व्यवस्था की गई है। वहीं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 150 वाहनों की व्यवस्था की गई है। मांडर उपचुनाव में नया मोड़ आ गया है। निर्दलीय परचा दाखिल करनेवाले देव कुमार धान ने अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। वर्ष 2019 में देव कुमार धान को भाजपा से मांडर विधानसभा के लिए टिकट दिया गया था। तब झाविमो प्रत्याशी रहे बंधु तिर्की ने इन्हें मात दी थी। इस बार विधानसभा उप चुनाव में भाजपा ने उनका पत्ता काट दिया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। शुक्रवार को एआइएमआइएम के उम्मीदवार शिशिर लकड़ा ने देवकुमार धान के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ही देव कुमार धान ने एआईएमआईएम की सदस्यता लेकर चुनाव लड़ने का फैसला किया। शिशिर ने देव कुमार धान का समर्थन करने का फैसला लिया है। देवकुमार धान के एआईएमआईएम की सदस्यता लिए जाने के बाद अब मांडर विधानसभा उप चुनाव त्रिकोणीय हो गया है। सभी प्रत्याशी अभी से ही अपनी जीत का दावा मजबूत करने में लगे हैं। सरना, मुस्लिम और आदिवासियों के वोटों में सेंधमारी की भी तैयारी चल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse