टीम एबीएन, जमशेदपुर। जमशेदपुर में दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश में इस हत्याकांड को 3 अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। बताया गया कि 3 अपराधी मारे गए शख्स के घर में घुस आए और उसपर दनादन गोलिया बरसा दीं, मारे गए शख्स की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात जमशेदपुर के सिदगोड़ा में हुई है। इस वारदात की सूचना पाकर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पड़े मनप्रीत को तत्काल टीएमएच ले गई। यहां डॉक्टर ने मनप्रीत को मृत घोषित कर दिया। इस बीच सिटी एसपी के विजय शंकर, थाना प्रभारी रंजित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। यह वारदात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस के पास हुई है। इस वारदात के बारे में मनप्रीत के भाई हरप्रीत सिंह ने बताया कि घर में घुसकर 3 अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। हरप्रीत के मुताबिक, उसे मम्मी ने फोन कर बताया कि घर में राहुल सिंह, अक्षय सिंह और गौरव गुप्ता जबरन घुस आए और उन्होंने मनप्रीत को गोली मार दी। हरप्रीत के मुताबिक अक्षय सिंह किसी कालिका सिंह का बेटा है। मनप्रीत सिंह के सिर, पैर और पेट में गोली मारी गई है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि घर के लोगों ने 3-4 आरोपियों के नाम बताए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse