टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस की झारखंड इकाई ने सोमवार को निर्वाचन आयोग में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आदिवासी रैली में मंदार उपचुनाव के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करके आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया। कांग्रेस ने कहा कि इस रैली को गैर-चुनावी कार्यक्रम के रूप में निर्धारित किया गया था। रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार को धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर हमला किया। उन्होंने ऐसी सरकार को हटाने का आह्वान किया, जिसका नेतृत्व कोई ऐसा व्यक्ति कर रहा है जो भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव राजन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद संवाददाताओं से कहा, उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आदिवासी रैली का आयोजन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में की गई अपील आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस यह जानना चाहती है कि क्या भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से अनुमति मांगी थी। मंदार सीट पर 23 जून को उपचुनाव होगा और मतगणना 26 जून को होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse