एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक बार फिर से राजधानी रांची समेत कई इलाकों में गर्मी का स्तर बढ़ने लगा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान फिर 40 डिग्री पहुंच चुका है। रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। झारखंड के मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां सुबह के समय में चिलचिलाती गर्मी पड़ती है, तो वहीं दोपहर होते-होते मौसम का मिजाज बदलने लगता है। मौसम में बदलाव का कारण झारखंड में प्री-मॉनसून एक्टिविटीज की दस्तक है। सुबह के समय झारखंड के कई हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है। यहां कई जिलों में सुबह का तापमान सामान्य से ज्यादा रिकार्ड किया जा रहा है। इस चिलचिलाती गर्मी से बेहाल लोग झारखंड में मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आंनद के मुताबिक झारखंड के कुछ इलाकों में प्री मॉनसून एक्टिविटी दिखने लगी है। देश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मॉनसून का असर 3 दिन पहले ही दिखने लगा है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य हिस्से से घने बादलों का उठना शुरू हो गया है। वहीं मध्य अरब सागर के तटीय हिस्सों में भी तेज मॉनसून को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आंनद ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अगले कुछ दिनों में मॉनसून का असर तेज हो जाएगा। जबकि झारखंड, बिहार, बंगाल, ओड़िशा में प्री-मानसून को ले आंशिक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना तेज हो जाएगी। बताया जा रहा है कि 10 जून के बाद से राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में मॉनसून का असर दिखने लगेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने बाकायदा पूर्वानुमान भी जारी किया है। औसत से अधिक बारिश की संभावना के बीच किसानी को भी गति मिलने की पूरी संभावना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse