आठ सालों में गलती से भी कुछ ऐसा नहीं किया, जिससे सिर झुकाना पड़े : मोदी

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे। उन्होंने राजकोट के अटकोट में नवनिर्मित मातुश्री केडीपी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल उद्घाटन किया। यह अस्पताल 40 करोड़ की लागत से बना है। एयरपोर्ट पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री मोदी की आगवानी की। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी गुजरात में हैं। वह जामनगर में कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। पटेल सेवा समाज की ओर से इस मल्टीस्पेशिलिटी अस्पताल का निर्माण कराया गया है। पीएम मोदी ने अस्पताल के उद्घाटन के बाद पाटीदार समाज की जनसभा को भी संबोधित किया। मौके पर प्रधानमंत्री के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, केंद्रीय मंत्री परसोत्तमभाई रूपला मौजूद रहे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ये आप के ही संस्कार हैं, पूज्य बापू और सरदार पटेल की इस पवित्र धरती के संस्कार हैं कि 8 साल में गलती से भी ऐसा कुछ नहीं किया है, जिसके कारण आपको या देश के किसी नागरिक को अपना सिर झुकाना पड़े। आज जब गुजरात की धरती पर आया हूं तो मैं सिर झुकाकर गुजरात के सभी नागरिकों का आदर करना चाहता हूं। उन्होंने कहा, आपने मुझे जो संस्कार और शिक्षा दी, समाज के लिए जीने की बातें सिखाई, उसकी बदौलत मैंने मातृभूमि की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार राष्ट्रसेवा के 8 साल पूरे कर रही है। इन वर्षों में हमने गरीब की सेवा, सुशासन और गरीब के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हुए हमने देश के विकास को नई गति दी है। हमारी माता-बहनों के जनधन बैंक खाते में सीधे पैसे जमा किए। किसानों और मज़दूरों के बैंक खाते में पैसा जमा किया। हमने मुफ्त गैस सिलेंडरों की भी व्यवस्था की ताकि गरीब की रसोई चलती रहे। आज गरीबों की सरकार उनकी सेवा कर रही है : PM मोदी- पीएम मोदी ने कहा, गरीबों की सरकार होती है तो कैसे उसकी सेवा करती है, उन्हें सशक्त करने के लिए काम करती है, ये आज पूरा देश देख रहा है। 100 साल के सबसे बड़े संकट काल में भी देश ने ये लगातार अनुभव किया है। महामारी शुरू हुई तो, गरीब के सामने खाने-पीने की समस्या हुई, तो हमने देश के अन्न भंडार खोल दिए। हमारी सरकार सुविधाओं को शत प्रतिशत नागरिकों तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है। जब हर नागरिक तक सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य होता है तो भेदभाव भी खत्म होता है, भ्रष्टाचार की गुंजाइश भी नहीं होती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा सौराष्ट्र की राजनीति के लिए खास माना जा रहा है। गुजरात में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीते चुनाव में पाटीदारों की नारजागी के कारण भाजपा 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई थी। इसका सबसे ज्यादा असर सौराष्ट्र क्षेत्र में ही देखने मिला था। यहां की 56 सीटों में 32 सीटें कांग्रेस को मिली थीं, जबकि भाजपा के खाते में सिर्फ 22 सीटें आई थीं। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा पाटीदारों को साधने में जुटी है। पिछले चुनाव में पाटीदार आरक्षण आंदोलन का असर भाजपा के प्रदर्शन पर दिखा था और उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिली थी। बीजेपी इस बार चुनाव में फूल प्रूफ प्लानिंग के साथ उतरने की तैयारी में है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse