एबीएन सेंट्रल डेस्क। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते असम के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के चार जिलों- नगांव, होजई, कछार और दरांग में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, असम राज्य आपदा प्रबंधन ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन के चलते अभी तक 14 लोगों की मौत हो गई है। राज्य के 29 जिलों में लगभग 7.12 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पूर्वोत्तर भारत के अलावा, दक्षिण भारत में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। कर्नाटक में भी इस हफ्ते भारी बारिश की वजह से कुछ हिस्सों में बाढ़ आ गई। बिहार में बिजली गिरने और आंधी के बीच 33 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, राज्य के 16 जिलों में 33 लोगों की आंधी और बिजली गिरने से मौत हुई है। मरने वालों के परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की। सीएम ने कहा, घर पर रहें और सुरक्षित रहें। साथ ही उन्होंने राज्य से आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सूचीबद्ध कदमों का पालन करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्विटर पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, यह बहुत दुखद है कि बिहार के कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस अपार क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे। स्थानीय प्रशासन राज्य सरकार की देखरेख में राहत और बचाव कार्य में सक्रिय रूप से लगा हुआ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse