शारदा ग्लोबल स्कूल बुकरू में शुरू हुआ 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर

 

टीम एबीएन, रांची। रांची के बुकरू, कांके स्थित शारदा ग्लोबल विद्यालय में राष्ट्र सेविका समिति, झारखंड प्रांत की 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में असम प्रांत की सह शारीरिक प्रमुख एवं प्रचारिका मामू जी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता स्थानीय संतोष बीएड कॉलेज की निदेशिका डॉ रश्मि प्रसाद सिंह ने किया। शिविर में झारखंड प्रांत से राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी 120 बहनें भाग ले रही हैं। उद्घाटन सत्र में असम प्रांत की सह शारीरिक प्रमुख एवं प्रचारिका मामू जी ने कहा, इन पंद्रह दिनों के आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षार्थियों को उनके आत्मरक्षा व स्वावलंबी बनने हेतु शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक आदि जीवन के सभी पक्षों को सुदृढ़ किया जायेगा। उन्हें नियुद्ध, दंड-प्रहार, योग, खेल आदि के द्वारा राष्ट्रधर्म की शिक्षा दी जायेगी और समाज के लिए जरूरत पड़ने पर हम कैसे सकारात्मक तरीके से शेष समाज हेतु उपयोगी सिद्ध हो सकें, इसकी तैयारी कराई जाएगी। शिविर संचालन हेतु प्रशिक्षिकाएओं के साथ-साथ प्रांत स्तर की अधिकारीगण पूरे प्रशिक्षण शिविर के दौरान रहेंगी। ध्यातव्य है कि संपूर्ण भारतवर्ष के कुल छत्तीस प्रांतों में एक साथ राष्ट्र सेविका समिति के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। इस शिविर में अखिल भारतीय समिति की प्रमुख संचालिका माननीय अक्का जी का सान्निध्य झारखंड को प्राप्त होगी। प्रांत स्तर से जिन अधिकारियों के जिम्मे पूरी आयोजन व्यवस्था होगी, उनमें प्रमुख हैं : उषा सिंह (प्रांत संचालिका), शारदा गुप्ता (प्रांत कार्यवाहिका), पूनम सिंह, डॉ जिज्ञासा ओझा, सुधा प्रजापति, शालिनी सचदेव, सुमन, मृदुला चौरासिया, चित्रा, कुसुमलता सिंह हैं। इस शिविर में शारदा ग्लोबल स्कूल की प्राचार्या रंजना स्वरूप एवं विद्यालय की व्यवस्थापिका दीपा बंका का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। पूरे वर्ग में वर्गाधिकारी के रूप में निर्मला सिंह (प्रांत संपर्क प्रमुख) उपस्थित रहेंगी। मुख्य शिक्षिका का दायित्व मोना रानी का रहेगा। यह प्रशिक्षण शिविर दिनांक 20 मई से शुरू होकर 04 जून तक चलेगा। दिनांक 01 जून को समिति द्वारा नगर में पद संचलन आयोजित है, जिसमे पूर्ण गणवेश में राष्ट्र सेविका समिति का ध्वज लेकर बहनें एक साथ संचलन करेंगी। तीन जून को शिविर की समापन होगी। उक्त जानकारी राष्ट्र सेविका समिति, झारखंड की डॉ जिज्ञासा ओझा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse