टीम एबीएन, पलामू। विपक्ष की ललकार पर मेदिनीनगर नगर निगम सक्रियता दिखाने का ढकोसला कर रहा है जबकि त्राहिमाम कर रही जनता तक पानी पहुंचाने का बीड़ा दीपक तिवारी फेम इंडियन रोटी बैंक ने उठा लिया है। नगरीय क्षेत्र में जल संकट से जूझ रहे मुहल्ले में हर दिन दो टैंकर निशुल्क अमृत जल सेवा मुहैया कराने की मुहिम को आज हरी झंडी दिखा दी गई। इंडियन रोटी बैंक के प्रदेश संरक्षक सोनू सिंह नामधारी एवं प्रदेश संयोजक दीपक तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर निशुल्क जल वितरण सेवा का शुभारंभ किया। पलामू के सेवादार दीपक तिवारी के आवासीय कार्यालय से टैंकर को रवाना करने के उपरांत प्रदेश संरक्षक सोनू सिंह नामधारी ने मेदिनीनगर की जनता से क्षमा मांगते हुए कहा कि नि:शुल्क जल सेवा एक माह पहले से ही शुरू करनी चाहिए थी। पहले टैंकर से पानी बांटने की व्यवस्था की जाती थी, पर अब पाइपलाइन से पानी मुहैया कराने का दावा करने वाले ने टैंकर का पानी भी जनता से छीन लिया। अब निरंतर इंडियन रोटी बैंक की अमृत जल सेवा सह नि:शुल्क जल वितरण का अभियान मेदिनीनगर की झोपड़पट्टी से लेकर ड्राइजोन में चलता रहेगा। मौके पर प्रदेश संयोजक दीपक तिवारी ने बताया कि इंडियन रोटी बैंक की सेवा हरेक आपदा में जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए संकल्पित है। अमृत जल सेवा मुहिम के कॉर्डिनेटर राकेश कुमार उर्फ मिकू के पास लगातार फोन कॉल का आना जारी है। एक दिन में दर्जनों मुहल्ले से त्रस्त जनता राहत का जल जिस तरह मांग रही है, वह ये बताने के लिए काफी है कि जनता पानी के लिए तरस रही है। साथ ही निगम के पदधारियों को चेतावनी देते हुए झामुमो नेता दीपक तिवारी ने पूछा कि भाजपा के पदधारी ही बताएं कि जनता का हितकर कौन है? निगम जनहित में पानी मुहैया कराने में विफल होगा तो इंडियन रोटी बैंक और टैंकर बढ़ाने का काम करेगा। साथ ही निगम पर हमलावर दीपक तिवारी ने बताया कि जब टैक्स वसूली का विरोध समूचे नगर में हो रहा था, तो मेयर की टीम कैंप लगाकर जबरन टैक्स वसूल रही थी। पर जब प्यास बुझाने की बारी आई तो राजनीति करने के लिए पैसे वाली टैक्स की फिर याद आई है। जनता से वसूले गए टैक्स का लाभ नगरवासियों को देने के वक्त राजनीति करना शर्मनाक है। दीपक ने भाजपा के पदधारियों को चुनौती देते हुए कहा कि उनका चेहरा बेनकाब हो चुका है, जनहित में कदम उठाएं वरना कुर्सी जानी तो तय है। अमृत जल सेवा मुहिम के शुभारंभ में दिलीप गुप्ता, वेद प्रकाश गुप्ता, बंटी दूबे, प्रिंस कुमार, राकेश तिवारी समेत सेवादार टीम मौजूद थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse