टीम एबीएन, रांची। झारखंड में 19 मई को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर पूरे झारखंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों के साथ-साथ झारखंड पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पुलिस मुख्यालय उन सभी 16 जिलों में विशेष नजर रखे हुए हैं, जहां दूसरे चरण का मतदान होना है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी अभियान अमोल होमकर ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खासकर अति संवेदनशील इलाकों में विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मतदान के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हवाई निगरानी भी की जा रही है। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए नक्सल प्रभावित इलाकों में बम निरोधक दस्तों को भी तैनात किया गया है। झारखंड से लगने वाली पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमाओं को सील कर विशेष चौकसी बरती जा रही है। आईजी अभियान के अनुसार 19 मई को होने वाले मतदान में 3700 मतदान केंद्र अति संवेदनशील है, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड आर्म्ड फोर्स और झारखंड पुलिस की टीमों को लगाया गया है। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की हवाई निगरानी तो की ही जा रही है, साथ-साथ नक्सल क्षेत्रों में ड्रोन भी तैनात किया गया है। कई मतदान केंद्रों पर चुनाव संपन्न करवाने के लिए मतदान कर्मी पहुंच भी चुके हैं। आईजी अभियान अमोल होमकर ने बताया कि सभी जिलों के एसपी को यह निर्देश दिया गया है कि वे अपने अपने सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरते। सीमावर्ती जिलों से गुजरने वाले सड़को पर चेकनाका लगाकर जांच करने का निर्देश जिलों के एसपी को दिया गया है ताकि अवैध शराब, हथियार या फिर दूसरे तरह के आपत्तिजनक सामानों की आवाजाही न हो सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse