टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना 17 मई यानी कल मंगलवार को होगी। सुबह 8 बजे से मतगणना की शुरुआत होगी। पहले चरण में 14 मई को पंचायत चुनाव हुए थे। इधर, राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया है। हालांकि मतदान की भी पूरी तैयारी का दावा किया गया था, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कई गड़बड़ियां सामने आईं, जिससे पुनर्मतदान कराना पड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि पहले चरण में राज्य के 21 जिलों में स्थित अनुमंडल मुख्यालय में काउंटिंग होगी। जहां प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो घंटे के बाद ही शुरुआती रूझान आने लगेगा। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मतगणना हॉल के अंदर प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि के अलावा दूसरे व्यक्तियों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। मतगणना का काम सुबह 8 बजे से शुरू होगा। सबसे पहले स्ट्रांग रुम में रखे बैलेट बॉक्स को काउंटिंग हॉल में लाया जाएगा। काउंटिंग हॉल प्रखंडवार बनाए गए हैं, जहां एक टेबल पर एक मतदान केंद्र का बॉक्स खोला जाएगा। बैलट बॉक्स में डाले गए मतपत्रों को मिलाकर वार्ड सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के अलग-अलग बंडल बनाए जाएंगे। गौरतलब है कि चारों पद के लिए अलग-अलग रंगों के बैलट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसकी छंटनी के बाद बंडल बनाया जाएगा। सबसे पहले वार्ड सदस्य पद के मतपत्रों की काउंटिंग होगी। इसके बाद मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और अंत में जिला परिषद सदस्य के मतपत्रों की काउंटिंग की जाएगी। इस दौरान प्रत्याशियों के प्रतिनिधि काउंटिंग हॉल में मौजूद रहेंगे। यदि कोई आपत्ति आती है तो फिर से काउंटिंग कराई जा सकती है। इस तरह से सबसे पहले वार्ड सदस्य का रिजल्ट घोषित होगा। गौरतलब है कि 14 मई को पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतदान 21 जिलों के 72 प्रखंडों में हुए थे, जिसमें 68.15% मतदान हुआ था। रांची के चार प्रखंडों में मतदान के लिए पंडरा बाजार समिति में मतगणना केंद्र बनाया गया है। मेदिनीनगर, हुसैनाबाद और छत्तरपुर में मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतगणना केंद्र पर तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जबकि सभी मतगणना केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पहले चरण में पलामू के पिपरा हरिहरगंज हुसैनाबाद हैदरनगर मोहम्मदगंज और उंटारी रोड प्रखंड के वोटों की गिनती होनी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse