एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। 06 मई से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुरू हुई 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड की महिला टीम ने जबर्दस्त खेल दिखाया। 17 मई तक चलने वाली प्रतियोगिता में हॉकी झारखंड की टीम ने पहले ही मिनट में दबदबा बना लिया। अपने पहले मैच में झारखंड कही टीम ने प्रति 1.66 मिनट पर एक गोल दागा और मैच में 36 गोल किए। जवाब में विपक्षी टीम पुडुचेरी कोई गोल नहीं कर सकी। झारखंड टीम ने मैच के पहले ही मिनट में अपना इरादा जता दिया था। हॉकी झारखंड की खिलाड़ी प्रमिला सोरेंग ने पहले ही मिनट में गेंद को गोल पोस्ट तक पहुंचाकर विपक्षी पुडुचेरी के हौसले पस्त कर दिए। उसके बाद तो हॉकी मैदान में तूफान सा आ गया। शनिवार को मैदान में वेतन डुंगडुंग की स्टिक गोल पर गोल उगल रही थी। उसने मैच में दस गोल दागे। डुंगडुंग के किसी भी वार का जवाब विपक्षी टीम के पास नहीं था। पुडुचेरी की टीम का कोई भी खिलाड़ी झारखंड के तूफान के सामने टिक न सका। बाद हर 1 से 2 मिनट पर गेंद गोल पोस्ट में पहुंचती रही और विपक्षी खिलाड़ियों को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था। झारखंड टीम की आक्रामकता के आगे पहले ही क्वार्टर में 7 गोल खाकर पुडुचेरी टीम ने घुटने टेक दिए। फिर तो समय बीतता रहा और झारखंड की टीम गोल पर गोल दागती रही। दूसरे क्वार्टर में झारखंड की टीम ने 11गोल किए तो तीसरे क्वार्टर में झारखंड की टीम ने 8 गोल किए और अंतिम क्वार्टर में 10 गोल किए और विपक्षी पुडुचेरी की टीम एक भी गोल के लिए तरसती रही। जब तक खेल खत्म हुआ झारखंड की टीम 36 गोल कर चुकी थी और झारखंड के खिलाफ मैदान में उतरी पुडुचेरी की टीम के गोल का नतीजा सिफर रहा। झारखंड का अगला मैच नौ मई को हॉकी आंध्र प्रदेश के साथ है। इधर, पहले मैच के झारखंड टीम के पराक्रम को सुनकर दूसरे विपक्षियों का विश्वास भी डगमगा रहा होगा। बहरहाल आज ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली झारखंड की टीम में अंजली बिंझिया, रेशमा सोरेंग, डिप्टी टोप्पो, सिमता मिंज, अलबेला रानी टोप्पो, प्रमिला सोरेंग, वेतन डुंगडुंग, सम्मी बड़ा, विनीता तिर्की, सुभासी हेमरोम, रानी कुमारी, सुशीला कुजुर, रोशनी डुंगडुंग, नीरू कुल्लू, निराली कुजुर, एडलिन बागे, फुलमनी भेंगरा, अमृता मिंज, कोच बिगन सोय और मैनेजर प्रतिमा तिर्की है। झारखंड टीम की जीत पर हॉकी झारखंड एवं हॉकी सिमडेगा के समस्त पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse