टीम एबीएन, लातेहार। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमाही स्थित कोयला साइडिंग के पास अज्ञात अपराधियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष दिल शेर खान की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में माहौल गरमा गया है। आक्रोशित ग्रामीण शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही सदर अस्पताल से वापस बालूमाथ ले गए हैं। ग्रामीण अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष दिल शेर खान कुसमाही स्थित कोयला साइडिंग का संचालन भी करते थे। रोजाना की तरह आज (24 अप्रैल) भी कोल साइडिंग गए हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार अपराधी वहां पहुंचे। जब तक दिल शेर खान कुछ समझ पाते अपराधियों ने उनपर दनादन फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों के हमले में 7-8 गोली लगने के बाद वे बुरी तरह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बालूमाथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दिल शेर खान को तत्काल लातेहार सदर अस्पताल लाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम, उपायुक्त अबु इमरान और विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उपायुक्त ने इस दौरान मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटना की पूरी छानबीन करें और जो भी दोषी हो, उसपर तत्काल कार्रवाई करें। घटना से आक्रोशित ग्रामीण मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं होने दिया। सदर अस्पताल से मृतक के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए वापस बालूमाथ ले गए। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप था कि जब घटना बालूमाथ में हुई थी, तो सबसे पहले दिल शेर खान को बालूमाथ अस्पताल ले जाना चाहिए था। परंतु पुलिस इन्हें लातेहार सदर अस्पताल ले आई। घटना बालूमाथ की है। इसलिए अब जो भी कार्रवाई होगी, वह वहीं से आरंभ होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse