पार्टी के डिजिटल सदस्यता कार्ड से सुशोभित हुईं सोनिया गांधी

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस ने अपने डिजिटल सदस्यता कार्ड अभियान के तहत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को शुक्रवार को डिजिटल कार्ड उपलब्ध कराया। पार्टी ने डिजिटल सदस्यता अभियान एक नवंबर 2021 को आरंभ किया था और इसके तहत पहला पंजीकृत डिजिटल कार्ड पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया गया था। पार्टी ने इस अभियान के अंत में आज श्रीमती गांधी को सदस्यता डिजिटल कार्ड सौंपा। पार्टी ने कहा कि डिजिटल सदस्यता अभियान के तहत उसने देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लगभग सभी बूथों पर 2.6 करोड़ सदस्यों को डिजिटल कार्ड अभियान से जोड़ा है। इस डिजिटल सदस्यता के लिए उन्हीं लोगों को पात्र माना गया है जिनकी सदस्यता को किसी अधिकृत सदस्य ने सत्यापित किया है। यह सदस्यता अभियान मोबाइल फोन में कांग्रेस सदस्यता ऐप के जरिए संचालित किया गया। इस एप के जरिए नामांकित होने वाले हर व्यक्ति को सारी प्रक्रियों का पालन करने के बाद डिजिटल आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाता है और इसकी प्रमाणिकता क्यूआर कोडित होती है। इस प्रक्रिया के तहत सदस्यों को डिजिटल कार्ड देने के लिए देश के कोने-कोने में सदस्यों को नामांकित करने के लिए पार्टी द्वारा अनुमोदित पांच लाख से अधिक नामांकनकर्ताओं का एक नेटवर्क तैयार किया गया जिन्होंने घर-घर जाकर इस अभियान को सफल बनाया। कांग्रेस डेटा एनालिटिक्स विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा, जब से हमने अभियान शुरू किया है तभी से मुख्य ध्यान सदस्यता की संख्या बढ़ाने की बजाय गुणवत्ता पर ज्यादा रहा है। जिस सदस्य को यह कार्ड दिया गया उसकी तीन स्तरों वोटर आईडी, फोटो और फोन नंबर के आधार पर ठीक से पहचान की गई और पूरी तरह सत्यापित होने के बाद उसे यह कार्ड जारी किया गया। इस कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ सत्यापित नामांकनकर्ता ही कर सकता है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी के 135 साल के इतिहास में पहली बार डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया है और इस कार्ड का इस्तेमाल पार्टी के आंतरिक और सांगठनिक चुनावों के साथ-साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए भी किया जाएगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse