एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भुज शहर में केके पटेल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भूकंप से मची तबाही को पीछे छोड़कर भुज और कच्छ के लोग अब अपने परिश्रम से इस क्षेत्र का नया भाग्य लिख रहे हैं। आज इस क्षेत्र में अनेक आधुनिक मेडिकल सेवाएं मौजूद हैं। इसी कड़ी में भुज को आज एक आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मिल रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सिर्फ बीमारी के इलाज तक ही सीमित नहीं होती हैं, ये सामाजिक न्याय को प्रोत्साहित करती हैं। जब किसी गरीब को सस्ता और उत्तम इलाज सुलभ होता है, तो उसका व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है। देश में आज दर्ज़नों एम्स के साथ अनेक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। देश के हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण का लक्ष्य हो या फिर मेडिकल एजुकेशन को सबकी पहुंच में रखने के प्रयास, इससे आने वाले 10 साल में देश को रिकॉर्ड संख्या में नए डॉक्टर मिलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और जनऔषधि योजना से हर साल गरीब और मिडिल क्लास परिवारों के लाखों करोड़ रुपए इलाज में खर्च होने से बच रहे हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन से मरीज़ों की सुविधाएं और बढ़ेगी। बता दें कि भुज के इस अस्पताल में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी (कैथलैब), कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, जॉइंट रिप्लेसमेंट और प्रयोगशाला तथा रेडियोलॉजी जैसी अन्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse