टीम एबीएन, खूंटी (रांची)। मुरहू थाना क्षेत्र के माहिल गांव में एक घर के छप्पर पर रखा बम मंगलवार सुबह फट गया। बम धमाके की आवाज आसपास के कई गांवों में सुनाई दी। इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रिम्स में भर्ती कराया गया है। बम विस्फोट में घायल होने वाले का नाम सेवानिवृत्त फौजी बुधराम मुंडा और एक ग्रामीण रंजीत लोहरा हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। बता दें कि पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के गांव माहिल में डेयरी के पास एक घर की छत पर पार्सल रखा हुआ था। पार्सल में गंगाराम मुण्डा और उसके गांव का पूरा पता लिखा हुआ था। गंगाराम की भाभी ने उस पार्सल को हिला डुलाकर देखा तो उसे कुछ समझ में नहीं आया। इस पर उस पार्सल को उसने उसी छत पर छोड़ दिया। इस बीच गांव के कुछ युवक उत्सुकतापूर्वक उसे देखने चले आए और थोड़ी दूर ले जाकर उसे खोलने की कोशिश की। इसी क्रम में बम ब्लास्ट हो गया। इस विस्फोट में रिटायर्ड आर्मी जवान और एक युवक चपेट में आ गए। बम ब्लास्ट में युवक रंजीत लोहरा का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि रिटायर्ड जवान बुधराम मुंडा के पेट में भी जख्म हो गए हैं। हादसे के बाद दोनों घायलों को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया। इन दोनों का इलाज रिम्स के इमेरजेंसी वार्ड में चल रहा है। घटना को लेकर मुरहू थाना पुलिस जांच में जुटी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse