एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संगीतकार रिकी केज को डिवाइन टाइड्स के लिए सर्वश्रेष्ठ नई एल्बम कैटेगरी में ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर रिकी केज को बधाई दी। रिकी केज का ये दूसरा ग्रैमी पुरस्कार है। अमेरिका में जन्मे संगीतकार ने प्रतिष्ठित ब्रिटिश रॉक बैंड द पुलिस के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ पुरस्कार शेयर किया। कोपलैंड ने एल्बम में रिकी केज के साथ काम किया है। ग्रैमी पुरस्कार के 64वें समारोह का आयोजन रविवार रात लॉस वेगास में किया गया था। मंच पर पुरस्कार लेने पहुंचे रिकी केज ने दर्शकों का अभिवादन नमस्ते कहकर किया। रिकी केज ने इंस्टाग्राम पर पुरस्कार समारोह की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि एल्बम डिवाइन टाइड्स के लिए ग्रैमी पुरस्कार जीतकर काफी खुश हूं। मेरे साथ खड़े शख्स स्टीवर्ट कोपलैंड का आभारी हूं। आप सभी को प्यार... ये मेरा दूसरा और स्टीवर्ट का छठा ग्रैमी है। रिकी केज को इससे पहले 2015 में विंड ऑफ समसारा के लिए सर्वश्रेष्ठ न्यू एज एल्बम कैटेगरी में ग्रैमी पुरस्कार मिला था। न्यूयॉर्क में रहने वाली भारतीय-अमेरिकी गायिका फाल्गुनी शाह को भी ए कलरफुल वर्ल्ड के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल एल्बम श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फाल्गुनी शाह को फालू नाम से भी पहचाना जाता है। मुंबई में जन्मी गायक-गीतकार ने पुरस्कार के लिए ग्रैमी का आयोजन करने वाली रिकॉर्डिंग अकादमी का सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर शुक्रिया अदा किया। फाल्गुनी शाह ने पुरस्कार समारोह की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि आज के जादुई दिन को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। ग्रैमी प्रीमियर सेरेमनी में प्रस्तुति देना और फिर ए कलरफुल वर्ल्ड एल्बम के लिए काम करने वाले सभी बेहतरीन लोगों की ओर से पुरस्कार लेना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हम हमारे काम की इस तरह से सराहना करने के लिए रिकॉर्डिंग अकादमी के शुक्रगुजार हैं। बहुत-बहुत शुक्रिया...
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse