टीम एबीएन, सरायकेला। जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज नंबर तीन में जालान कार्बन एंड केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। भीषण आगजनी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल की 5 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में केमिकल कंपनी का एक कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। खबर के मुताबिक टैंकर से केमिकल अनलोड करने के दौरान ये हादसा हुआ है। बताया जाता है कि हैदराबाद से टैंकर में लोड केमिकल जालान कार्बन एंड केमिकल फैक्ट्री पहुंचा था, जहां फैक्ट्री के भीतर चेंबर में केमिकल्स को पाइप से अनलोड किया जा रहा था, इस बीच केमिकल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पहले केमिकल टैंकर में आग लगी उसके बाद चेंबर को भी अपने लपेटे में ले लिया। आगजनी की इस घटना के बाद कंपनी में जहां अफरातफरी मच गई वहीं स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। केमिकल फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने में दमकल की 5 गाड़ियों को लगाया गया। आदित्यपुर विभाग की दो गाड़ियां, गोलमुरी विभाग की एक दमकल गाड़ी, चांडिल विभाग की एक दमकल गाड़ी के अलावा टाटा स्टील के दमकल गाड़ी ने तकरीबन 2 घंटे की मशक्कत कर केमिकल फोम के जरिए आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना में एक कर्मचारी भी आंशिक रूप से झुलस गया है जिसे फौरन इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse