टीम एबीएन, रांची। गरम पछुआ हवा के बहाव से झारखंड में लोग गर्मी से अभी ही बेहाल होने लगे हैं। राज्य के कई इलाके भीषण लू की चपेट में हैं। हाल यह है कि सूबे के सात जिलों में शनिवार को पारा 40 डिग्री के पार चला गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में रिकॉर्ड किया गया। यहां तापमान 43.4 पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है। इस वजह से आम लोगों की परेशानी बहुत बढ़ गयी है। वहीं अगले दो दिनों तक गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और गिरिडीह में हीट वेब चलेगी। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही संताल व कोयलांचल इलाके में आज रविवार शाम से बादल छा सकते हैं। बादल छाने के बाद बारिश नहीं हुई तो परेशानी और ज्यादा बढ़ेगी। धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और गिरिडीह में साइक्लोनिक सरकुलेशन के प्रभाव से कुछ स्थान पर आंशिक बादल छाने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अन्य इलाके में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक एससी मंडल कहते हैं कि झारखंड में पलामू के रास्ते गरम पछुआ हवा का बहाव हो रहा है। पलामू और आसपास के इलाकों में गर्मी का असर अधिक है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse