घाघरा। घाघरा थाना क्षेत्र के ईचा केराझरिया नदी के किनारे धोबी घाट पर 17 वर्षीय नाबालिक छात्रा बिमला कुमारी की गला रेत कर हत्या कर दी गयी। बिमला लोहरदगा कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। घटना बुधवार की अहले सुबह करीब पांच बजे उस समय अंजाम दिया गया जब वह अपने गांव झखरा से करीब पांच सौ गज की दूरी पर बारी में लगे फसल का पटवन करने गयी थी। पटवन करने वह प्राय: रोज दिन जाती थी। जिसका फायदा उठा अज्ञात अपराधियों ने घात लगा उसे मार डाला। शव के करीब 50 फिट की दूरी पर मृतका का दुपट्टा पड़ा था। जहां हत्यारो ने पहले उसपर वार किया और वहां से बिमला भागी भी लेकिन हत्यारे उसे पुन: पकड़ गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। चोटिल हो भागने के क्रम में जमीन पर खून के छींटे पड़े थे। जिससे ज्ञात होता है कि पहली दफा हमला करने के बाद वह बच निकलना चाहती थी। बता दें कि घटना के दो दिन पूर्व से बिमला घर में अकेले रह रही थी। बिमला के पिता घुंजा बैठा एवं चाचा जरकु बैठा के बीच होली से पूर्व पैसे लेनदेन को लेकर मारपीट हुई थी। जिस मामले में बिमला के पिता घुंजा, भाई बाबूलाल जेल में है जबकि मां फूलो देवी फरार है। हालांकि बिमला की भाभी उसके साथ रहा करती थी। लेकिन दो तीन दिन पूर्व एक शादी समारोह में अपने मायके गयी हुई थी और घटना के दिन वह घर पर अकेली थी। घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल, पुलिस निरीक्षक लोहरदगा, थाना प्रभारी कुंदन कुमार, कौशलेंद्र कुमार घटना स्थल पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। दोनों थाना क्षेत्र के मुहाना में हुई हत्या : हत्या की घटना घाघरा व सेन्हा थाना क्षेत्र के मुहाने पर हुई है। मात्र 10 फिट में सेन्हा थाना पड़ता है। जिस स्थान पर शव पड़ा था वह घाघरा थाना क्षेत्र के ईचा में पड़ता है और 10 फिट का नदी केराझरिया दोनों थाना क्षेत्र को बांटती है। मृतका बिमला का घर सेन्हा थाना क्षेत्र के झखरा में पड़ता है जबकि उसका खेत बारी जहां वह पटवन करने गयी थी वह घाघरा थाना क्षेत्र के ईचा में पड़ता है। जिसे चांगो झरिया के नाम से जाना जाता है। उसी खेत में लगे फसल का पटवन करने बिमला गयी थी। जहां उसकी हत्या कर दी गयी। मृतका के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीण दिखे परेशान : इधर लड़की की हत्या के बाद उसका अंतिम संस्कार कैसे होगा इसकी चिंता क्षेत्र के ग्रामीणों को सता रही थी। मृतका का पिता और उसके भाई जेल में है जबकि उसकी मां फरार है। घर पर कोई नहीं होने से अंतिम संस्कार को लेकर लोग परेशान दिखे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse