दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स बोले-लालू को यहां इलाज की जरूरत नहीं, सवालों के घेरे में रिम्स

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सूबे का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल रिम्स सवालों के घेरे में आ गया है। यहां के मेडिकल बोर्ड ने 22 मार्च को लालू यादव की खराब सेहत का हवाला देकर दिल्ली स्थित एम्स के लिए रेफर कर दिया था। इसके बाद लालू यादव के परिजन चार्टर्ड विमान से उन्हें दिल्ली लेकर गए थे। लेकिन एम्स के डॉक्टरों ने जांच के बाद स्पष्ट कर दिया कि लालू यादव को यहां इलाज कराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में लालू यादव को चार्टर्ड विमान से रांची लाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश राजद नेता अभय सिंह ने बताया कि लालू यादव के दोपहर दो से चार बजे के बीच रांची पहुंचने की संभावना है। मंगलवार रात लालू यादव किडनी की स्थिति बिगड़ने के बाद एयर एम्बुलेंस से दिल्ली गए थे। रात भर इमरजेंसी में उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। लालू प्रसाद का क्रिएटिनिन लेवल 4.1 से बढ़कर 4.6 हो गया है। चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सेहत में लगातार गिरावट की वजह से उन्हें रांची स्थित रिम्स से एम्स नई दिल्ली शिफ्ट किया गया था। मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ विद्यापति ने बताया था कि लालू प्रसाद यादव की किडनी के फंक्शन में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार को हुई जांच में उनकी क्रिएटनिन लेवल 4.6 पाया गया है। यह एक खतरनाक संकेत है, इसलिए उन्हें तत्काल हायर मेडिकल सेंटर ले जाये जाने की जरूरत है। डॉक्टरों के मुताबिक लालू की किडनी 80 प्रतिशत काम नहीं कर रही है। लगभग 10 दिन पहले उनका क्रिएटनिन लेवल 4.1 था, जो अब बढ़कर 4.6 हो गया है। रिम्स के डॉक्टरों ने उनकी गिरती सेहत को देखते हुए बीपी और शुगर सहित अन्य बीमारियों के लिए दी जानेवाली दवाइयों का डोज लगातार बढ़ाया था, लेकिन इसके बाद भी उनकी सेहत लगातार खराब हो रही है। बता दें कि 21 फरवरी को सीबीआइ की स्पेशल कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में पांच साल जेल की सजा सुनाने के साथ 60 लाख रुपये जुर्माना भरने को कहा था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण जेल प्रशासन ने उन्हें रांची रिम्स में भर्ती कराया था। लालू प्रसाद यादव इसके पहले भी चारा घोटाले के दूसरे मामलों मे सजा सुनाये जाने के बाद रिम्स में न्यायिक हिरासत में कई महीनों तक इलाजरत रहे थे। पिछले साल नवंबर में बुखार और कमजोरी की शिकायत पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse