टीम एबीएन, रांची। अरबों रुपये के बहुचर्चित चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार की देर शाम उन्हें एयर एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेज दिया गया। लालू प्रसाद के करीबी भोला यादव और सेवादार असफर तथा लक्ष्मण आरजेडी सुप्रीमो को व्हील चेयर पर बिठाकर पेइंग वार्ड से बाहर निकले। बाहर में लालू प्रसाद के समर्थकों और आरजेडी के कई वरिष्ठ नेता-कार्यकर्त्ता उपस्थित थे। लालू प्रसाद को रिम्स से एयरपोर्ट पहुंचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद का एंबुलेंस सीधे अंदर चला गया। एयरपोर्ट पर आरजेडी के वरिष्ठ नेता विजय यादव, प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, अनीता यादव, राजेश यादव समेत अन्य नेता मौजूद थे। इससे पहले रिम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा के बाद जेल प्रशासन की ओर से लालू प्रसाद को हायर सेंटर (एम्स दिल्ली) ले जाने की अनुमति दे दी गयी। रिम्स के डॉक्टरों के मुताबिक लालू प्रसाद का क्रिएटनीन लेवल 4.1 से बढ़कर 4.6 हो गया था, इस कारण मेडिकल बोर्ड की बैठक बुलाई गई । इस बैठक में सभी विशेषज्ञ चिकित्सक लालू प्रसाद के वर्तमान स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर (एम्स दिल्ली) रेफर करने की अनुशंसा जेल प्रशासन से की। चिकित्सकों के अनुसार, लालू प्रसाद डाइबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी रोग, किडनी स्टोन, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, ब्रेन से जुड़ी बीमारी, कमजोर इम्यूनिटी, दाहिने कंधे की हड्डी की समस्या, आंख से कम दिखना सहित कई अन्य बीमारी से ग्रसित है। बता दें कि पिछले वर्ष भी लालू प्रसाद को रांची से एम्स दिल्ली ले जाया गया था और दिल्ली जाने के बाद उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल गयी थी। इस बार भी डोरंडा कोषागार मामले में लालू प्रसाद की ओर से दायर जमानत याचिका पर अप्रैल महीने में सुनवाई होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse