एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करने वाली कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आज मंगलवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कटाक्ष किया कि अब ईंधन के दाम पर लगा लॉकडाउन हट गया है तथा सरकार कीमतों का लगातार विकास करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों पर लगा लॉकडाउन हट गया है। अब सरकार लगातार कीमतों का विकास करेगी। महंगाई की महामारी के बारे में प्रधानमंत्री जी से पूछिए, तो वह कहेंगे कि थाली बजाओ। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, महा-महंगाई, भाजपा लाई! अब गैस सिलेंडर पर 50 रुपये बढ़ा। गैस सिलेंडर-दिल्ली व मुंबई में 949.50 रुपये, लखनऊ में 987.50 रुपये, कोलकाता में 976 रुपये और चेन्नई में 965.50 रुपये। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, लोग कह रहे हैं, कोई लौटा दे वो सच्चे-सस्ते दिन, नहीं चाहिए (नरेंद्र) मोदी जी के अच्छे दिन सुरजेवाला ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, भाजपा की जीत के साथ मोदी जी के महंगे दिन वापस आ गए हैं। भाजपा को जीत का आराम मिलते ही फिर महंगाई ने जनता का जीना हराम कर दिया है। उत्तर प्रदेश में अमित शाह जी ने कहा था कि चुनाव जिताओ और होली पर मुफ़्त गैस सिलेंडर पाओ। मुफ्त तो दिए नहीं, अब महंगे दे रहे हैं। आज 80 पैसे बढ़ी पेट्रोल और डीजल की कीमत : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। वहीं घरेलू रसोई गैस के दाम 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ गए हैं। मूल्य वृद्धि के बाद, दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 96.21 रुपये प्रति लीटर होगी, जो पहले 95.41 रुपये थी। जबकि डीजल की कीमत 86.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 87.47 रुपये हो गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में बिना सब्सिडी वाले, 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 949.50 रुपये कर दी गई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse