टीम एबीएन, कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में खेले गए इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंट (रणधीर वर्मा ट्रॉफी) का फाइनल मैच कोडरमा ने जीतकर इतिहास रचा। बुधवार को बोकारो में खेले गए जामताड़ा और कोडरमा के बीच फाइनल मैच में जामताड़ा को बड़े अंतर से हराकर कोडरमा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा साबित की और खिताब पर कब्जा किया। गुरुवार को खिलाड़ियों के कोडरमा आगमन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारीगण और खेल प्रेमियों ने माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही मिठाइयां भी बांटी गई। इस मौके पर केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और सचिव दिनेश सिंह ने कहा की खिलाड़ियों ने पूरे झारखंड में अपना परचम लहराया है। इसमें खिलाड़ियों के मेहनत के साथ-साथ एसोसिएशन के पदाधिकारीयों के सही दिशा निर्देश और मार्गदर्शन भी काम आया। उम्मीद करते हैं कि सीनियर खिलाड़ियों के खेल को देखते हुए जूनियर खिलाड़ी भी उनका अनुसरण करेंगे और कड़ी मेहनत कर अन्य ग्रुप में भी परचम लहराएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द ही एक समारोह आयोजित कर सीनियर खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। ज्ञात हो की टीम मैनेजर बसंत सिंह और कप्तान हर्ष सिंह के नेतृत्व में कोडरमा की टीम ने अपने सभी मैच शानदार तरीके से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया था। बोकारो में हुए फाइनल मैच में झारखंड रणजी टीम के सेलेक्टर्स भी मौजूद थे और खिलाड़ियों पर बारीकी से नजर रख रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि कोडरमा में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आज सीमित संसाधन के बावजूद कोडरमा के खिलाड़ी इतना बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। खिलाड़ियों के कोडरमा आगमन पर स्वागत करने वालों में अमरजीत सिंह छाबड़ा, दिनेश सिंह ,अनिल सिंह, आलोक पांडे, ओम प्रकाश, पवन सिंह, आरपीएफ कोडरमा के सह प्रभारी नयन कुमार, सुमन कुमार सहित सैकड़ों खेल प्रेमी शामिल थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse