टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव की अध्यक्षता में झारखण्ड शिक्षा परियोजना गुमला के तत्वावधान में स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे 2022 विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला सूचना भवन के सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में मुख्य रूप से 24 से 30 मार्च तक जिला के सभी विद्यालयों में चलने वाले स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ बच्चे 2022 अभियान कार्यक्रम के तहत् विद्यालय में पेयजल, शौचालय, साबुन के साथ हाथ धोने की व्यस्था, संचालन एवं रख रखाव, व्यवहार परिवर्तन, क्षमता निर्माण/प्रशिक्षण एवं कोविड अनुरूप व्यवहार में परिवर्तन आदि पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा 24 से 30 मार्च तक जिला के सभी विद्यालयों में चलने वाले स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ बच्चे 2022 अभियान कार्यक्रम के तहत बच्चों को विद्यालय में पेयजल, शौचालय, साबुन के साथ हाथ धोने की व्यवस्था, संचालन एवं रख रखाव, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण/प्रशिक्षण एवं कोविड अनुरूप व्यवहार में परिवर्तन सहित अन्य गतिविधियों द्वारा भी कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे 2022 अभियान को उत्साह एवं त्योहार के रूप में कराएं। इसके लिए सभी विद्यालय में नियमित रूप से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा विद्यालय के सभी छोटे-बड़े स्थलों में प्रत्येक दिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं कराएं, जिससे बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक स्वच्छता मिले। उन्होंने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय के दीवारा,ें चौक, चौराहों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस व अन्य उपयुक्त साधन द्वारा सूचित करने को कहा। उपायुक्त ने बताया आगामी अप्रैल माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 05 व्यक्ति/संस्थान/बीपीओ को जिला प्रशासन द्वारा प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशाला में उपायुक्त ने प्रखंडों एवं विभिन्न विद्यालयों से आएं बीपीओ, शिक्षक/शिक्षिकाओं से किस प्रकार इस अभियान को सफल बनाया जा सके, इस संबंध में यूनिक आईडिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उपायुक्त ने क्रियाशील पेयजल सुविधा, लड़कों, लड़कियों और दिव्यांग बच्चों के लिए क्रियाशील शौचालय, जल गुणवत्ता परीक्षण, शौचालय, एमडीएम और हाथ धोने के स्थान पर रनिंग वाटर की व्यवस्था, हाथ धुलाई इकाई की व्यवस्था, जल/संग्रहण, सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित निपटान के लिए भस्मक, सोख्ता गड्ढा और कचरा गड्ढा, सफाई कर्मी एवं सफाई सामग्री की उपलब्धता, शिक्षक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, स्वच्छता संवर्धन संबंधित गतिविधियां, सक्रिय बाल संसद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति एवं सभी हितधारकों का प्रशिक्षण जैसे सूचक पर विशेष जोर देने की बात कही। कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक गुमला सुरेंद्र पाण्डेय ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ बच्चे 2022 अभियान कार्यक्रम के विभिन्न उद्देश्यों के बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया 24 से 30 मार्च तक चलने वाले स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ बच्चे 2022 अभियान के प्रथम दिन स्वच्छता शपथ के साथ आयोजन का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी/पंचायती राज संस्थानों के सदस्य, विद्यालय प्रबंध समिति, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि इत्यादि के द्वारा बच्चों को संबोधित किया जाएगा। साथ ही प्रचार वाहन के माध्यम से प्रत्येक प्रखण्ड से एक प्रचार वाहन चलाया जाएगा। प्रचार वाहन 45 कार्य दिवस तक संचालित होगा। प्रत्येक प्रखण्ड हेतु एक राजमिस्त्री, एक प्लंबर तथा एक स्वच्छता विशेषज्ञ चिन्हित करना जो वाहन में उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से समन्वय करते हुए प्रशिक्षित राजमिस्त्री, प्लंबर तथा स्वच्छता विशेषज्ञ की सेवाएं ली जा सकती है। साथ ही बताया जिलों में रानी मिस्त्री भी तैयार की गई हैं तथा एसबीएम के सोशल मोबिलाईजर की भी सेवाएं ली जा सकती है। इसके साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ बच्चे 2022 अभियान के दौरान किए जाने वाले अन्य कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेन्द्र पाण्डेय, एडीपीओ पियुष कुमार, सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के संकुल साधन सेवी एवं अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse