टीम एबीएन, कोडरमा। विकास कार्य में भ्रष्टाचार और स्थानीय जनसमस्याओं पर प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के बैनर तले कोडरमा प्रखण्ड पर विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पूर्व पूर्णिमा टॉकीज परिसर से लाल झंडे से लैस, नारा लिखा तख्तियां को लिए हुए किसानों, मजदूरों और बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने जुलूस निकाला जो शहर, बाजार, ब्लॉक रोड होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर विशाल प्रदर्शन व सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में भ्रष्ट प्रशासन मुर्दाबाद, गरीबों को आवास पेंशन देना होगा, फर्जी नामों पर मिले डोभा, पीएम की आवास की जांच करो, किसान मजदूर संघर्ष जिन्दाबाद, सीपीआईएम जिन्दाबाद आदि नारे लगाये जा रहे हैं. जिला कमिटी सदस्य महेंद्र तुरी की अध्यक्षता में हुई सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के जिला सचिव असीम सरकार ने कहा कि जिला में पदाधिकारीयों की मनमानी चरम सीमा पर है । मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ 15वीं वित्त आयोग के कार्य में भी भारी लूट हैं। मेघातरी पंचायत में कुल 11 हैण्डवाश निर्माण बिना ग्राम सभा के अपने पिट्ठू लोगों को कागजी अध्यक्ष बनाकर घटिया और अधुरा निर्माण कर पैसे की बन्दरबाट किया गया है और पुराना कार्य को दिखलाकर पैसे की निकासी की गई। ऐसे कार्य की जांच-पड़ताल बीडीओ कोडरमा ने भी किया, पर उनकी नजर में अदृश्य कारणों से सब सही पाया गया। मेघातरी पंचायत में ही अनजान व्यक्ति से कागज पर डोभा बनाकर पैसों की निकासी कर ली गई। अब इसे दूसरे पंचायत का लाभुक बताकर भ्रष्टाचार को सही कहा जा रहा है। इतना ही नहीं जिस व्यक्ति के पास एकधुर भी जमीन नहीं है, उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दे दिया गया। वहां भी किसी दूसरे व्यक्ति को आवास बेंच दिया गया। पार्टी नेता रमेश प्रजापति ने कहा कि वर्ष 2017 - 18 का आवास आज तक अधुरा पड़ा हैं, लेकिन बीडीओ अनुसूचित जाति के बन्दोबस्त जमीन को एग्रीमेन्ट के द्वारा प्राप्त दिखलाकर इस गड़बड़ झाला को सही प्रमाणित करना चाहते हैं और दूसरी तरफ जरुरत मंद लोगों को आवास नसीब नहीं हो रहा है। पुतो की जनता अपनी टूटी हुई चैकडैम मरम्मती कि मांग करते करते करते थक गए पर आज तक मरम्मती नहीं हो पाई। चाराडीह पंचायत के चुटियारों ग्राम के मनरेगा लाभुकों को दो साल से सामग्री का भुगतान नहीं हुआ है। इस गांव के मनरेगा मजदूरों को मजदूरी तक नहीं मिला। रोजगार सेवक इनके जॉब कार्ड भी रख लिया है। बीडीओं का ध्यान आकृष्ट करने के बाद भी आज तक ना जॉब कार्ड मिला और ना मजदूरी मिली। छात्रों को विभिन्न प्रमाण पत्र के लिए दलालों के माध्यम से मोटी रकम चुकाना पड़ रहा हैं। सभा को माकपा राज्य सचिवमंडल सदस्य संजय पासवान, ग्यासुद्दीन अंसारी, भिखारी तुरी, पार्वती देवी, रामचन्द्र राम, नागेश्वर राम आदि ने सम्बोधित किया। प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए बीडीओ की अनुपस्थिति पर प्रदर्शनकारियों ने रोष व्यक्त किया और बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 18 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सीओ को सौंपा और उनसे वार्ता की। प्रदर्शन में बबीता देवी, कमला देवी, शोभा देवी, जसवा देवी, आरती देवी, गुड़िया देवी, चमेली देवी, अशोक रजक, रविन्द्र भारती, रामप्रसाद तुरी, टेकलाल दास सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse