टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव ने आज अनामय कार्यक्रम अंतर्गत टीबी उन्मूलन 2025 के तहत 100 दिवसीय एक्टिव केस फाइंडिंग जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हस्ताक्षर अभियान एवं यक्ष्मा उन्मूलन शपथ के माध्यम से जिले को यक्ष्मा मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी जिला योजनांतर्गत पीरामल हेल्थ फाउंडेशन के सहयोग से 100 दिवसीय एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत 30 अप्रैल तक सभी गांवों, कस्बों, मोहल्लों में घर-घर जाकर यक्ष्मा के लक्षण वाले संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। पहचान के पश्चात् लक्षण वाले मरीजों के स्पुटम (खखार) का सैंपल लेने के बाद उसे जांच केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।। जाँचोपरांत लक्षण वाले मरीजों को समुचित ईलाज प्रदान करते हुए उनको इस बीमारी के चक्र से मुक्त कराया जाएगा तथा यक्ष्मा की कड़ी को तोड़ते हुए जिले को यक्ष्मा मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि गुमला जिला यक्ष्मा मुक्त तब ही बन पाएगा जब जिले के प्रत्येक व्यक्ति स-हृदय इस कार्यक्रम में सम्मलित होंगे। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि यक्ष्मा के लक्षण वाले व्यक्ति इससे भागे नहीं, बल्कि इस अभियान का हिस्सा बनकर अपना सैंपल देने में भरपूर सहयोग दें, ताकि समय पर यक्ष्मा का ईलाज कर गुमला जिले को यक्ष्मा मुक्त बनाया जा सके। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ केके मिश्रा ने टीबी उन्मूलन से संबंधित इस अभियान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पीरामल स्वास्थ्य द्वारा जिले में यक्ष्मा की कड़ी को तोड़ने के लिए गांव एवं पंचायतों में घर-घर जाकर यक्ष्मा के सक्रिय मामलों को चिन्हित करने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान पारा चिकित्सीय टीम द्वारा लोगों के स्पुटम का सैंपल एकत्रित कर जांच केंद्रों में भेजा जाएगा। जिसके पश्चात यक्ष्मा के चिन्हित मरीजों की नि:शुल्क जांच एवं ईलाज कराई जाएगी। हमारा प्रयास सदूरवर्ती ग्रामों तक पीरामल स्वास्थ्य के माध्यम से पहुंचकर यक्ष्मा के लक्ष्ण वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांचोपरांत उन्हें इस बीमारी से मुक्त करना है। इसके बाद उपायुक्त की अगुवाई में उपस्थित लोगों को टीबी रोग उन्मूलन शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदादिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से गुमला जिले को यक्ष्मा मुक्त बनाने का संदेश दिया। जागरूकता रथ की रवानगी के मौके पर उपायुक्त सुशांत गौरव सहित सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ कृष्ण कांत मिश्रा, जिला सहकारिता पदाधिकारी मंजू बिरजिनिया एक्का, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ मोहम्मद कलाम, विशाल कुमार राज्य प्रतिनिधि पिरामल स्वास्थ्य, पिरामल के जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रमोद कुमार जायसवाल, अरविंद कुमार सिंह, कमलेश्वर मिश्रा एवं गुमला जिला अंतर्गत 12 प्रखंडों के कम्युनिटी मोबिलाइजर एवं पैरामेडिक्स साथ ही यक्ष्मा जिला कार्यक्रम के सभी कर्मी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse