खारकीव में हमले तेज कर बंदरगाहों पर कब्जा करने की कोशिश में रूस

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन के कई हवाई अड्डों, ईंधन केंद्रों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के बाद रविवार को रूसी सेना ने दक्षिण क्षेत्र में स्थित रणनीतिक बंदरगाहों पर भी नियंत्रण करन का प्रयास किया लेकिन शहरों में उसे जबरदस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। राजधानी कीव सुबह धमाकों से दहल उठी। अधिकारियों ने एक हवाई अड्डे पर विस्फोट की सूचना दी है। शहर की सुनसान पड़ी मुख्य सड़कों पर गिनती की कारें ही दिखीं। कीव में 39 घंटे के कर्फ्यू के कारण लोग सड़कों से दूर रहे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा, हम अपने देश के लिए लड़ रहे हैं, अपनी आजादी को बनाए रखने के लिए लड़ रहे हैं क्योंकि हमें ऐसा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा, पिछली रात कठिन थी। भीषण गोलाबारी हुई, रिहायशी क्षेत्रों में भी बमबारी की गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। हमलावर सैन्य-असैन्य सभी स्थानों को निशाने पर ले रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के मुताबिक सैन्य बढ़त बनाने के बाद रूस ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को बेलारूस भेजा। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अन्य स्थानों पर वार्ता का प्रस्ताव देते हुए कहा कि उनका देश बेलारूस में बैठक करने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि उसने आक्रमण में रूस की मदद की है। रूसी सैनिक रविवार को खारकीव के बाहरी इलाके तक पहुंच गए हैं। खारकीव रूस की सीमा से 20 किलोमीटर की दूरी पर है। बाकी इलाकों में सेना भीतरी क्षेत्रों में दाखिल होने की कोशिश कर रही है। यूक्रेन की मीडिया और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रूसी वाहनों को खारकीव में चक्कर लगाते हुए देखा गया और एक वाहन सड़क पर जलता नजर आया। एक वीडियो में यूक्रेनी सैनिकों को रूसी सैन्य वाहनों का निरीक्षण करते हुए देखा गया, जिन्हें रूसी सैनिक गोलाबारी में क्षतिग्रस्त होने के बाद छोड़ गए हैं। तस्वीरों व वीडियो से संकेत मिलता है कि रूसी सैनिकों को शहरों में यूक्रेनी सेना से कड़ा प्रतिरोध मिल रहा है। यूक्रेन के आम लोग भी स्वेच्छा से कीव और अन्य शहरों की रक्षा में मदद करने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने अधिकारियों द्वारा वितरित बंदूकें लीं और रूसी सेना से लड़ने के लिए मोर्चा संभाल लिया। यूक्रेन के अभियोजक कार्यालय के अधिकारी एंड्री सिन्युक ने रविवार को होरोमाडस्के टीवी चैनल को बताया कि सरकार सैन्य अनुभव रखने वाले कैदियों को रिहा कर रही है जो देश के लिए लड़ना चाहते हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या यह कदम सभी तरह के अपराधों के दोषी करार दिए गए कैदियों पर लागू होता है। अमेरिका और यूरोपीय संघ ने जवाबी कदम के साथ यूक्रेन को हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति करने तथा मास्को को और अलग-थलग करने के इरादे से कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। कीव के मेयर के अनुसार, वासिलकिव में हवाई अड्डे के पास एक तेल डिपो से आग की लपटें आसमान में फैल गईं। इस क्षेत्र में रूस की सेना से यूक्रेनी सैनिकों की भीषण लड़ाई हुई। राष्ट्रपति जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि असैन्य जुलियानी हवाई अड्डे पर एक और विस्फोट हुआ। जेलेंस्की के कार्यालय ने यह भी कहा कि रूसी सेना ने खारकीव में एक गैस पाइपलाइन को उड़ा दिया। बमबारी के डर से कीव में बच्चों समेत लोगों ने बंकरों और भूमिगत मेट्रो स्टेशनों, अन्य जगहों पर पनाह ली।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse