टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले में अच्छी खबर है। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति पिछले 21 दिनों से ढलान पर है। पिछले आठ दिनों से राज्य में पॉजिटिविटी रेट 2 प्रतिशत से नीचे मिल रही है। वहीं गुरुवार को तो यह 1 प्रतिशत से भी नीचे आ गयी। मंगलवार को राज्य में 1.18 प्रतिशत जबकि, बुधवार को 1.20 प्रतिशत पॉजिटिविटी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पाया गया कि राज्य के 18 जिलों में संक्रमण का प्रतिशत 0 से 1 के बीच आ गया है। इन 18 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 0.01 से 0.89 के बीच पाई गयी है जबकि, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, लातेहार, कोडरमा, रांची व पश्चिमी सिंहभूम की पॉजिटिविटी 1 प्रतिशत से ज्यादा पाई गयी है। जिसमें सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और लातेहार में पॉजिटिविटी रेट 3 से 4 प्रतिशत के बीच पाई गयी है। समीक्षा में पाया गया कि कोरोना के तीसरी लहर में 3 जनवरी से 15 जनवरी तक कुल 13 दिनों का पीक पीरियड रहा, जिसमें 8 जनवरी को पीक था। आठ जनवरी को राज्य में सर्वाधिक 6.98 प्रतिशत पॉजिटिविटी से सबसे ज्यादा 5081 मरीज मिले थे। कोडरमा में सर्वाधिक 42 फीसदी पॉजिटिविटी : तीसरी लहर में अब तक में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट कोडरमा में पाई गयी है। 16 जनवरी को कोडरमा में 41.67 पॉजिटिविटी रेट मिली थी। जबकि, 15 जनवरी को बोकारो में 30.43, 8 जनवरी को रामगढ़ में 17.86, रांची में 13.92, 15 जनवरी को हजारीबाग में 14.63 पॉजिटिविटी रेट पाई गयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse