शिमला समेत प्रदेश के छह जिलों में भारी बर्फबारी, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 

एबीएन डेस्क। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी भाग बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। शिमला, सिरमौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। इन इलाकों में पिछले दो दिन से भारी बर्फबारी का दौर जारी है। राजधानी शिमला पूरी तरह से देश-दुनिया से कट गई है। सुबह से ही यहां यातायात ठप है। शिमला शहर से जुड़े तीन और प्रदेश में कुल पांच नेशनल हाईवे बंद हो गए हैं। प्रदेश में 667 सड़कें और 2840 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। 184 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। निजी और सरकारी 550 से ज्यादा बस रूट ठप हैं। प्रदेश में हवाई सेवाएं दूसरे दिन भी बाधित रहीं। उधर, लाहौल में हिमखंड गिरने से मनाली-केलांग मार्ग अवरुद्ध हो गया है। पहाड़ों में हुई भारी बर्फबारी के बाद सासे ने पूरे हिमालय क्षेत्र में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। राजधानी से हिमाचल के आठ जिलों का संपर्क कट गया है। शिमला से मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, धर्मशाला, चंडीगढ़, रामपुर और किन्नौर कट गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के चलते अपील की है कि अनावश्यक यात्रा करने से बचें व भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहें। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासनों व विभागों को आवश्यक व्यवस्थाओं को बहाल एवं सुचारू करने के निर्देश दे दिए हैं। सीएम प्रदेश की जनता व पर्यटकों से यह भी आग्रह है कि सरकार और प्रशासन का सहयोग करें। वीकेंड पर आए हजारों लोग शिमला, डलहौजी, मनाली समेत अन्य क्षेत्रों में होटलों में फंसे हैं। नौहराधार में शिलाई इलाके के 80 लोग फंसे हुए हैं। अस्पताल या जरूरी काम के लिए ही लोग पैदल निकल रहे हैं। ऊपरी इलाकों में तो पांच फीट तक बर्फबारी हो चुकी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse