टीम एबीएन, रांची। जेपीएससी-जेएसएससी में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो वर्तमान में सदर अस्पताल, रांची में उपचाररत हैं।
देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से पुन: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल पर लाने की मांग को लेकर आज छात्र-युवा प्रतिनिधियों द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गयी। प्रेस वार्ता को मुकेश महतो, दीनबंधु मंडल एवं रामावतार महतो ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो का शरीर वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन है, लेकिन उनका संघर्ष और संकल्प सत्याग्रह स्थल पर आंदोलनरत छात्र-युवाओं के साथ है। उन्होंने अस्पताल से सत्याग्रह स्थल पर जाने की अनुमति के लिए संबंधित अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन भी दिया है।
वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज एवं धक्का-मुक्की के बाद देवेन्द्र नाथ महतो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बावजूद उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी है। ऐसे में उनके साथी छात्र-युवा चाहते हैं कि चिकित्सकीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपने साथियों के बीच सत्याग्रह स्थल पर आने की अनुमति दी जाये।
वक्ताओं ने कहा कि यह मांग केवल किसी एक व्यक्ति को आंदोलन स्थल पर लाने की नहीं है, बल्कि उन हजारों छात्र-युवाओं की भावना और विश्वास से जुड़ी है, जो खढरउ-खररउ में पारदर्शिता एवं न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शरीर अस्पताल में है, लेकिन संघर्ष का संकल्प अडिग है- यह केवल एक कथन नहीं, बल्कि आंदोलन के प्रति देवेंद्र नाथ महतो की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रेस वार्ता में छात्र-युवा प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से अपील की कि मामले को मानवीय, चिकित्सकीय एवं लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से देखते हुए देवेन्द्र नाथ महतो को उचित चिकित्सकीय सलाह एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ सत्याग्रह स्थल पर आने की अनुमति प्रदान की जाये।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि छात्र-युवाओं का आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा और झारखंडी छात्रों के संपूर्ण न्याय तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रेस वार्ता को संबोधित करने वाले प्रमुख लोगों में जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, रांची से मुकेश महतो, दीनबंधु मंडल, रामा अवतार महतो आदि मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse