एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। संसद के जारी सत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सदन में अनुपस्थिति को लेकर कांग्रेस के लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने गृहमंत्री की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक जवाबदेही से बचने की कोशिश करार दिया। सांसद सुखदेव भगत ने अपने बयान में कहा कि यह होम मिनिस्टर का वर्क फ्रॉम होम चल रहा है।
ऐसा लगता है कि वे घर से ही जवाब देना चाहते हैं। आखिर संसद आने के लिए क्या अब ऐसे-ऐसे पत्र लिखने पड़ेंगे? वे किसे बेवकूफ बना रहे हैं? उन्होंने कहा कि संसद का सत्र अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और 19 दिनों के सत्र में 17वें दिन गृहमंत्री का पत्र लिखना कई सवाल खड़े करता है। भगत ने कहा कि जब सत्र समाप्त होने वाला है, तब इस तरह का पत्र सामने आना महज तकनीकी बातों के जरिए असली मुद्दे से ध्यान भटकाने जैसा है।
देश की जनता सब देख रही है और सब जान रही है, यह कहते हुए भगत ने कहा कि सरकार तकनीकी तर्कों के पीछे छिपकर जनता को गुमराह नहीं कर सकती। संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और यहां सरकार को विपक्ष तथा जनता के सवालों का सीधे सामना करना चाहिए। गृहमंत्री पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि वे सदन में आने से डर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह तो चोर की दाढ़ी में तिनका वाली बात है। जो गलती करते हैं, वे डरते रहते हैं। ऐसा लगता है कि गृहमंत्री सदन का सामना करने से बच रहे हैं। भगत ने आगे कहा कि इस पूरे सत्र में वे एक भगोड़े की तरह सदन से गायब रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में चर्चा हो रही है, तब सरकार के सबसे महत्वपूर्ण मंत्रियों में से एक की सदन में मौजूदगी और जवाबदेही क्यों सुनिश्चित नहीं की जा रही है।
लोहरदगा सांसद ने कहा कि संसद केवल सत्ता पक्ष का मंच नहीं, बल्कि देश की जनता के सवालों का जवाब देने की सर्वोच्च लोकतांत्रिक जगह है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गृहमंत्री सदन में उपस्थित होकर विपक्ष के सवालों का जवाब दें और देश के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करें। सुखदेव भगत के इस बयान से संसद के भीतर और बाहर सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। उन्होंने साफ कहा कि जनता अब हर बात को देख और समझ रही है तथा लोकतंत्र में जवाबदेही से बचने की कोई गुंजाइश नहीं है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse