टीम एबीएन, रांची। नामकुम प्रखंड अंतर्गत आरा मौजा के साखे ट्रांसफार्मर से न्यू साखे टोली जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उनमें बारिश का पानी जमा हो गया है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
न्यू साखे टोली करीब 7-8 वर्ष पूर्व विकसित हुई नई कॉलोनी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी बसने के बाद आवागमन के लिए यहां सड़क की आवश्यकता थी, लेकिन सड़क निर्माण के लिए सरकारी फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण कॉलोनी के लोगों ने आपस में चंदा एकत्र कर अपने खर्च से सड़क का निर्माण कराया था।
समय के साथ सड़क की मरम्मत नहीं होने और लगातार बारिश के कारण सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता है। ऐसे में खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
सड़क की खराब स्थिति का असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। सड़क की हालत देखकर स्कूल वैन चालकों ने न्यू साखे टोली तक आने से इनकार कर दिया है। इसके कारण बच्चों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानी हो रही है। छोटे बच्चों को सड़क के खराब हिस्से को पार कर दूसरे स्थान से स्कूल वैन पकड़नी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार चंदा कर सड़क बनवाई थी, लेकिन अब सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि बिना सरकारी अथवा प्रशासनिक सहयोग के इसकी मरम्मत संभव नहीं है।
न्यू साखे टोली के लोगों ने संबंधित विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से सड़क का स्थल निरीक्षण कराने तथा तत्काल सड़क को चलने योग्य बनाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि फिलहाल गड्ढों में मोरम, बोल्डर या अन्य सामग्री डालकर सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि बरसात में आवागमन सुचारू हो सके। इसके साथ ही भविष्य में सड़क का स्थायी निर्माण कराने की दिशा में पहल की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 40 परिवार इस सड़क पर निर्भर हैं। सड़क की बदहाली के कारण रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse