टीम एबीएन, रांची। कोरोना की वजह से लगातार दूसरे साल झामुमो धनबाद में अपना स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाएगा। पार्टी की ओर से हर साल शहर के गोल्फ ग्राउंड में स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाता है। चार फरवरी 1973 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शिबू सोरेन एके राय और विनोद बिहारी महतो ने झामुमो की स्थापना की थी। इसके बाद से हर साल इसी दिन पार्टी की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में किया जाता है। कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के सभी सांसद विधायक भाग लेते थे। 2021 में कोरोना की वजह से पार्टी ने स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाने का फैसला किया था। इस बार भी सरकार द्वारा राज्य में लगाए गए मिनी लॉकडाउन में 100 से अधिक लोगों के जुटने पर रोक लगाने की वजह से यह माना जा रहा है कि पार्टी अपना कार्यक्रम नहीं करेगी। झामुमो के जिलाध्यक्ष रमेश टुडू ने बताया कि अबतक स्थापना दिवस समारोह को लेकर कोई दिशा निर्देश केंद्र से नहीं आया है। माना जा रहा है कि इस बार भी कोई बड़ा कार्यक्रम गोल्फ ग्राउंड में आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी सभी प्रखंडों में छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी स्थापना दिवस समारोह मनाएगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse