टीम एबीएन, गुमला नउपायुक्त सह अध्यक्ष स्टेडियम प्रबंधन समिति शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह सचिव स्टेडियम प्रबंधन समिति रवि आनंद की अध्यक्षता में स्टेडियम प्रबंधन समिति की बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। स्टेडियम प्रबंधन समिति के अंतर्गत आने वाली दुकानों के नए दर निर्धारण के संबंध में समिति ने नए दर के निर्धारण के पश्चात् प्रति माह 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी किए जाने का निर्णय लिया। सदर एसडीओ ने दुकानों के नए दर निर्धारण के संबंध में सदर अंचल अधिकारी से पुनः पत्राचार किए जाने की जानकारी दी। बैठक में स्टेडियम भाग 01 एवं भाग 02 के बीच के जमीन पर तीन मंजिला दुकान/ हॉल तथा भाग 01 में अवस्थित दुकान के ऊपर एक मंजिला दुकान के निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही स्टेडियम प्रबंधन समिति द्वारा सर्वसम्मति से सामने के हिस्से में सुंदरीकरण किए जाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सदर एसडीओ ने साल में एक बार जिला खेल पदाधिकारी को स्टेडियम प्रबंधकीय समिति द्वारा एक खेल प्रतियोगिता का आयोजन कराने का निर्देश दिया। जिसमें उन्होंने 08 से 10 टीमों का चयन करने का भी निर्देश दिया। जिसपर समिति द्वारा मार्च माह के बाद फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया। पुरूष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिग रूम तथा शौचालय की उचित व्यवस्था नगर परिषद द्वारा सुनिश्चित किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही स्टेडियम के रख-रखाव को सुदृढ़ करने के निमित्त रोलर गाड़ी, ग्रास कटर तथा स्प्रिंकलर के क्रय किए जाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने स्टेडियम की सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेडियम में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने शेड नंबर 03 के दुकान संख्या 06 की दुकानदार रजनी देवी द्वारा नियमित रूप से किराया नहीं दिए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि उक्त दुकानदार को विधिवत 03 नोटिस निर्गत किया जा चुका है, किंतु नोटिस निर्गत होने के पश्चात् भी रजनी देवी द्वारा दुकान का किराया नहीं दिया जा रहा है। इसपर उन्होंने दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दुकान को खाली कराने तथा पुनः उक्त दुकान को किसी अन्य दुकानदार को आवंटित कराने का निर्देश दिया। बैठक में गुमला जिलांतर्गत हॉकी के खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। जिसपर सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल को प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय परिसर में अवस्थित हॉकी स्टेडियम का पुनः जीर्णोद्धार करते हुए स्टेडियम का उपयोग सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। स्टेडियम प्रबंधकीय समिति की बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह सचिव रवि आनंद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्राण रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला खेल पदाधिकारी कुमारी हेमलता बून, कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल, सहायक अभियंता जिला परिषद ए रहमान, स्टेडियम प्रबंधन समिति के सदस्य सैय्यद जुन्नू रैन, मो आशिक अंसारी, मो फिरोज आलम, प्रदीप राम, मो रिजवान अली सहित अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse