टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में पेट्रोल सब्सिडि योजना के गुमला जिलांतर्गत क्रियान्वयन हेतु बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में की गई। योजना की जानकारी साझा करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड राज्य के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करनेवाले लोगों को दो पहिया वाहन हेतु पेट्रोल सब्सिडी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिनियम- 2013 एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना से आच्छादित लाभुक परिवारों, जिनके पास राज्य में निबंधित दो पहिया वाहन है, उन्हें पेट्रोल सब्सिडी के रूप में 250 रूपये प्रतिमाह एकमुश्त राशि तथा साल में 03 हजार रूपये डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराया जाना है। इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री दिनांक 26 जनवरी 2022 को करेंगे। लाभुक अपना पंजीकरण www.jsfss.jharkhand.gov.in वेबसाईट तथा आहार पोर्टल पर करा सकते हैं। उपायुक्त ने गुमला जिलांतर्गत पेट्रोल सब्सिडि योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को उनके द्वारा निबंधित 02 पहिया वाहनों के आंकड़ो को प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के लगभग 01 लाख 79 हजार राशनकार्डधारियों को इस योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिले में कितने राशनकार्डधारियों के पास दो पहिया वाहन हैं, इसकी सूची सभी पीडीएस डीलरों के माधयम से तैयार करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया। उपायुक्त ने पीडीएस डीलरवार सर्वेक्षण कराते हुए दो पहिया वाहन चालकों का पंजीकरण आहार पोर्टल तथा जेएसएफएसएस पोर्टल पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय सिंह बिरूआ, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, एडीपीओ पियुष कुमार व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse