एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से हारकर ब्राजील के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद 34 वर्षीय नेमार ने अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को समाप्त करने की घोषणा की।
ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए राउंड आॅफ-16 मुकाबले में नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नॉर्वे की ओर से स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने दो गोल दागे, जबकि ब्राजील के लिए नेमार ने मैच के अंतिम क्षणों में पेनल्टी पर एकमात्र गोल किया। हालांकि उनका यह गोल टीम को हार से नहीं बचा सका।
मैच समाप्त होने के बाद नेमार मैदान पर ही भावुक हो गये। अंतिम सीटी बजते ही वह घुटनों के बल बैठ गये और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें सांत्वना दी। संन्यास की घोषणा करते हुए नेमार ने कहा, मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। मेरी यात्रा की शुरूआत भी मेटलाइफ स्टेडियम से हुई थी और अंत भी यहीं हुआ। अब सब खत्म हो चुका है।
दाहिनी पिंडली की चोट से जूझ रहे नेमार पूरे टूर्नामेंट में केवल दो मैच ही खेल सके। ब्राजील के पांच मुकाबलों में से वह अधिकांश समय बाहर रहे। ग्रुप चरण में स्कॉटलैंड के खिलाफ भी वह केवल 15 मिनट के लिए मैदान पर उतरे थे। लगातार चोटों ने पिछले कुछ वर्षों में उनके करियर को काफी प्रभावित किया और वह अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आ सके।
नेमार ने 9 अगस्त 2010 को इसी मेटलाइफ स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ मैत्री मैच से ब्राजील के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने गोल भी किया था। उन्होंने 16 साल के शानदार करियर का अंत ब्राजील के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में किया। नेमार ने राष्ट्रीय टीम के लिए 80 गोल किये, जो महान खिलाड़ी पेले के 77 गोलों से तीन अधिक हैं।
नेमार के संन्यास के बाद अब ब्राजील की जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों के कंधों पर होगी। टीम के कप्तान मार्किनहोस ने कहा, हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के साथ धैर्य रखें और शुरुआत से ही उनका समर्थन करें। नेमार के संन्यास के साथ ब्राजील फुटबॉल के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया। उनकी उपलब्धियां और यादगार प्रदर्शन लंबे समय तक फुटबॉल प्रशंसकों के दिलों में जीवित रहेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse