एबीएन न्यूज नेटवर्क, भंडरा। भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी जामुनटोली में शनिवार शाम करीब 5 बजे एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। सनकी मडवा उरांव में घरेलू विवाद में अपनी वृद्ध मां 80 वर्षीय रूपी उरांव और पत्नि 32 वर्षीय सुमरी उरांव की निर्मम हत्या कर दी।
सुमरी के दो छोटे बच्चे हैं जो घटना के वक्त घर पर नहीं थे। बेटी ट्यूशन पढ़ने गयी थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार को घर के सभी सदस्य आम बागान में आम तोड़ने गये थे। शाम करीब 5 बजे जब आरोपी मड़वा उरांव घर लौटा तो किसी बात को लेकर उसका अपनी मां और पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे सब्बल से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मड़वा उरांव का पिछले एक साल से कांके स्थित रिनपास में मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। वह अक्सर गुस्से में रहता था। घटना से एक सप्ताह पहले ही उसके भतीजे एतवा उरांव की भी मौत हो गयी थी, जिसके बाद से वह और ज्यादा परेशान रहने लगा था।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति मड़वा उरांव को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता हत्या की वजह लग रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एक साथ दो महिलाओं की हत्या से धनामुंजी गांव में मातम पसरा है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। ग्रामीण स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse