झारखंड : 17-18 को तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

 

झारखंड में 17-18 मई को तेज आंधी के साथ होगी बारिश, अलर्ट जारी 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम इन दिनों अजीब करवट ले रहा है। दिन चढ़ते ही तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो वहीं दोपहर बाद कई इलाकों में आंधी और बारिश से मौसम अचानक बदल जा रहा है। 

आलम यह है कि रात में तापमान गिरने से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह होते ही फिर गर्मी अपना असर दिखाती है। राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में दर्ज की गयी, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में 36 डिग्री, बोकारो में 36.5 डिग्री और चाईबासा में भी 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 

15 और 16 मई को इन जिलों में येलो अलर्ट 

मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तरी हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में मौसम बदला रह सकता है। कई जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाये रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 16 मई को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं।

हालांकि पलामू और गढ़वा को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पलामू और गढ़वा को छोड़कर लगभग पूरे झारखंड के लिए 15 और 16 मई को येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गयी है। 

17 मई को इन जिलों में तेज आंधी का खतरा 

17 मई को झारखंड में मौसम और ज्यादा आक्रामक तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में तेज आंधी-तूफान के साथ मौसम बिगड़ने की आशंका है। धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 

वहीं राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गुमला और खूंटी में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse